Bharat New Zealand Final Match Kab Hai: आखिरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट को दोनों फाइनालिस्ट मिल गए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इतिहास में पहली बार दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड का आमना-सामना हो चुका है। जहां भारत ने जीत दर्जकर चैंपियन बना था।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अपराजेय रही दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से मात दी। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर किसी तरह से 169 रन का स्कोर बनाया था। यहां तक पहुंचने में मार्को यान्सन ने अहम भूमिका निभाई थी। यान्सन ने टी20 वर्ल्ड कप में अपना पहला अर्धशतक जड़ते हुए अफ्रीका को लड़ने लायक स्कोर दिया।
कीवी टीम ने 12.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल का टिकट हासिल किया। न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी ने मैच को एकतरफा बना दिया। टिम साइफर्ट (58) और फिन एलन (नाबाद 100) की तूफानी पारी के चलते साउथ अफ्रीका गेंदबाजी की एक ना चली। दक्षिण अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड पर दवाब नहीं बना सकी और मैच गंवा बैठी। साउथ अफ्रीका का खिताब जीतने का सपना टूट गया। वहीं, न्यूजीलैंड ने पांच साल बाद फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने वानखेडे़ में सांस रोक देने वाले मुकाबले में इंग्लैंड को धूल चटाई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर रिकॉर्ड 253 रन बोर्ड पर लगाए। संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ 89 रन की पारी खेली। शिवम दुबे ने 43 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम जैकब बेथल की शतकीय पारी के बाद भी 7 रन से टीम को शिकस्त मिली। इंग्लैंड 247 रन ही बना सका।
भारत ने इस जीत के साथ ही फाइनल में जगह पक्की की। डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बनाई। इससे पहले साल 2024 में पहुंची थी और रोहित की कप्तान में टीम चैंपियन भी बनी।
अब रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप का फिनाले आयोजित किया जाएगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रोमांचक फाइनल होने की पूरी उम्मीद है। दोनों टीमें गजब की फॉर्म में है।
यह पहली बार होगा जब भारत और न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने होंगे। वहीं, आईसीसी इवेंट के फाइनल में तीसरी बार भिड़ंत होगी। इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों टीमें दो बार आमने-सामने हुई हैं।