राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस का मैच गुवाहाटी में बारिश की वजह से 11-11 ओवर का खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद राजस्थान के दोनों ओपनर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर आए।
मुंबई की तरफ से पहला ओवर लेकर दीपक चाहर गेंदबाजी करने आए। पहली गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने चौका लगाया। दूसरी गेंद पर सिक्स जड़ा। तीसरी गेंद पर फिर चौका जड़ा। चौथी गेंद डॉट रही। पांचवीं गेंद फुलटॉस रही और स्ट्रेट खेलकर जायसवाल ने चौका बटोरा। आखिरी गेंद पर फिर चौका जड़ा। पहले ओवर में कुल 22 रन बने।
इसके बाद दूसरा ओवर करने के लिए दुनिया के सबसे खतरनाक बॉलर जसप्रीत बुमराह आए। बुमराह ने जैसे ही पहली गेंद फेंकी, वैभव सूर्यवंसी ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का लगा दिया। यह वैभव सूर्यवंशी के करियर में जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद थी, जिसे उन्होंने हवाई शॉट मारकर छक्का जड़ दिया।
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह के पहले ओवर में तबाही मचा दी। वैभव ने उनकी पहली गेंद पर छक्का जड़कर दूसरी गेंद पर सिंगल लिया। इसके बदा यशस्वी ने तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर उन्हें फिर स्ट्राइक पर भेजा। वैभव ने बुमराह की चौथी गेंद पर भी छक्का जड़कर तूफान ला दिया।
जसप्रीत बुमराह के एक ही ओवर में दो छक्के कम ही बल्लेबाजों ने लगाए हैं। उस पर मात्र 15 साल के वैभव ने दो छक्के मारकर क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। जब वैभव ने छक्के मारे तो जसप्रीत बुमराह को भी यकीन नहीं हुआ, वह आश्चर्य में गेंद देखकर मुस्कुराते नजर आए।
वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैच में 14 गेंदों में 39 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के जसप्रीत बुमराह की गेंद पर, दो छक्के शार्दुल ठाकुर की गेंद पर और एक छक्का ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर लगाया।
वैभव सूर्यवंशी ने अपने IPL करियर की पहली गेंद पर भी छक्के से खाता खोला था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की पहली गेंद पर ही छक्का मार दिया था।