IPL के 19वें सीजन के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स की तरफ से वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करने आए।
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के 62वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लुंगी एंगिडी की पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही एंगिडी उन बॉलरों में शुमार हो गए, जिनकी पहली गेंद पर वैभव ने छक्का जड़ा है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 46 रनों की छोटी लेकिन धमाकेदार पारी खेली। वैभव ने 21 गेंदों में 5 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। इसके साथ ही वैभव ने अपने नाम कई रिकॉर्ड कर लिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने IPL में अब तक 8 बार छक्के से खाता खोला है। वह IPL इतिहास के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 8 बार छक्के से अपना खाता खोला है। उन्होंने 5 बार तो इसी सीजन छक्के से अपना खाता खोलने का रिकॉर्ड बनाया है। वहीं पिछले सीजन उन्होंने 3 बार छक्के से अपना खाता खोला था।
वैभव ने इस सीजन तीन बार अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा है। उन्होंने इस मामले में देवदत्त पड्डिकल, सुनील नरैन और शाहरुख खान के रिकॉर्ड की बराबरी की है। पड्डिकल ने इसी साल, सुनील नरैन ने पिछले साल और शाहरुख खान ने साल 2023 में यह कारनामा किया है।
वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में 3 छक्के जड़कर इस सीजन अपने छक्कों की संख्या 43 पर पहुंचा दी। इसके साथ ही वह किसी भी सीजन सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में 42 छक्के जड़े थे।
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन मात्र 36 गेंदों में शतक जड़ा है। वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 36 गेंदों में शतक जड़ इस सीजन का सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पिछले सीजन भी 35 गेंदों में शतक जड़ा था।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन अपने तीसरे ही IPL मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी थी। इसके साथ ही वह किसी भी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके थे। IPL में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने मात्र 30 गेंदों में सेंचुरी मारी है।
Jun 14, 2026