ऐसा लगता है कि आईपीएल 2026 में लखनऊ की किस्मत उसका साथ नहीं दे रही है। करो या मरो मैच में लखनऊ ने चेन्नई के सामने 204 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन उर्विल पटेल के तूफान में यह स्कोर भी बौना साबित हुआ। उर्विल ने इस मुकाबले में ऐसा कारनामा कर दिया जो आजतक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर पाया था।
इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, लखनऊ के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 प्लस का स्कोर खड़ा किया और चेन्नई पर दबाव बना दिया।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 8 विकेट के नुकसान पर 203 का स्कोर खड़ा किया। लखनऊ की ओर से जोश इंग्लिस ने 85 और शहबाज अहमद ने 43 रन की पारी खेली।
चेन्नई सुपर किंग्स ने उर्विल पटेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर करारा जवाब दिया। चेन्नई ने पावरप्ले में 97 रन बनाए। इस दौरान उर्विल पटेल ने लखनऊ के गेंदबाजों की खूब क्लास लगाई और आईपीएल में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो आजतक कोई नहीं कर पाया था।
उर्विल पटेल ने शुरुआती 8 गेंद में 6 छक्के जड़कर लखनऊ की गेंदबाजों की नींद उड़ा दी। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि उर्विल पटेल सबसे तेज टी20 फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। लेकिन वो एक गेंद से चूक गए।
उर्विल पटेल ने शुरुआती 10 गेंद में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने शुरुआती 10 गेंद में 42 रन बनाए। उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया। डिविलियर्स ने 2015 में मुंबई के खिलाफ शुरुआती 10 गेंद में 41 रन बनाए थे।
उर्विल पटेल 23 गेंद में 65 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 8 छक्के जड़े। उर्विल का आईपीएल में यह सबसे बड़ा स्कोर भी है।
उर्विल पटेल को चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था। उर्विल ने सबसे तेज आईपीएल फिफ्टी की बराबरी कर ली। उन्होंने 13 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और यशस्वी जायसवाल की बराबरी कर ली।