भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टी20 मैच में होबार्ट के मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड ने कमाल का प्रदर्शन करके दिखाया है। उन्होंने एक बार फिर दिखाया है कि टी20 विश्व कप 2026 के लिए वो पूरी तरह से तैयार हैं।
होबार्ट के बेलेरीव ओवल मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 टी20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज का तीसरा टी20 मैच आयोजित हुआ। इस मैच में भारत ने इस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली बार टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम जब पहले बल्लेबाजी करने उतरी तो उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजों ने जोरदार बॉलिंग की और ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट 6 रन पर ट्रेविस हेड के रूप में, और दूसरा विकेट जोश इंग्लिस के रूप में 14 रन के स्कोर पर गिरा दिया।
इसके बाद टीम के कप्तान और लगातार लय में दिख रहे मिचेल मार्श इस बार फ्लॉप रहे और वरुण चक्रवर्ती ने उनको नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट करा दिया। जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 73 रन पर 3 विकेट हो गया।
टिम डेविड ने आते ही धुआंधार बल्लेबाजी शुरू की और 73 रन का स्कोर भी उन्हीं के बदौलत पहुंचा था। भारत ने डेविड का 20 रन के स्कोर पर कैच छोड़ दिया था जो उनको काफी भारी पड़ा और डेविड ने रनों की बारिश शुरू कर दी।
सिंगापुर में जन्मे और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम से खेलने वाले टिम डेविड ने कैच छूटने का पूरा फायदा उठाया और सिर्फ 23 गेंदों में शानदार टी20 अर्धशतक लगा दिया। इसके साथ ही उन्होंने एक रिकॉर्ड भी बना दिया।
टिम डेविड ने इस मैच में सिर्फ 38 गेंदों में 74 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 5 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। उन्होंने 194.73 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को तेज रफ्तार दी और 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर शिवम दुबे ने उनको आउट किया। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने भी 39 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 39 गेंदों में 64 रनों की पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन बना डाले।
टिम डेविड ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। वो ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 क्रिकेट में भारत के खिलाफ दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मैच में 23 गेंदों में अर्धशतक लगाया। भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड कैमरुन ग्रीन के नाम दर्ज है जिन्होंने 2022 में 19 गेंदों में पचासा लगाया था।