टी20 क्रिकेट में एक गेंदबाज को सिर्फ चार ही ओवर मिलते हैं। फटाफट क्रिकेट में बल्लेबाज तेजी से रन बनाते हैं। उन पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी गेंदबाजों पर ही होती है। इस दौरान उसे रन गति पर लगाम लगाने के अलावा अपनी टीम को विकेट दिलाने के लिए भी संघर्ष करना होता है। ऐसे में कई बार गेंदबाज हैरान करने वाला प्रदर्शन कर जाते हैं। ऐसा ही एक अद्भुत प्रदर्शन भूटान जैसे छोटे देश के गेंदबाज ने 8 विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
भूटान के सोनम येशे के नाम टी20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 26 दिसंबर, 2025 को गेलेफू में म्यांमार के खिलाफ 4 ओवर में 7 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। टी20 क्रिकेट में येशे के नाम एक पारी में सर्वाधिक विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड है। येशे ने जब यह उपलब्धि हासिल की तो वह मात्र 21 साल के थे। अब वह 22 साल के हो गए हैं।
येशे की शानदार गेंदबाजी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ों में दर्ज हुई। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में तीन अलग-अलग हैट्रिक के मौके बनाए। हालांकि, लेकिन उनमें से किसी को भी भुनाने में नाकाम रहे। मैच में येशे के अलावा भूटान के लिए आनंद मोंगर ने पारी में म्यांमार के अन्य दो बल्लेबाजों को आउट किया।
इससे पहले टी20 में एक मैच में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड मलेशिया के ऑलराउंडर सयाजरुल इद्रुस के नाम था। उन्होंने कुआलालंपुर में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के खिलाफ आईसीसी मेंस T20 विश्व कप एशिया बी क्वालीफायर 2023 मैच में 8 रन देकर 7 विकेट लिए थे। वहीं, कॉलिन एकरमैन इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। एकरमैन ने लीसेस्टरशायर के लिए खेलते हुए बर्मिंघम बियर्स के खिलाफ उन्होंने टी20 ब्लास्ट 2019 में 18 रन देकर 7 विकेट चटकाए हैं।
जिस मैच में सोनम ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। उस मैच को भूटान ने अपने नाम किया। पांच मैचों की द्विपक्षीय सीरीज के तीसरे मैच में भूटान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए। इसके जवाब में म्यांमार की टीम मात्र 45 रनों पर ऑलआउट हो गई।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के पूर्ण सदस्य देशों में भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर का 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ 7 रन देकर 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया है। यह टी20I में पूर्ण सदस्य देशों के बीचे खेले गए मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रिकॉर्ड है। वहीं भूटान के सोनम येशे ने किसी मान्यता प्राप्त मेंस टी20 मैच (अंतरराष्ट्रीय या अन्य) में आठ विकेट लेने का पहला रिकॉर्ड बनाया।
अपने दमदार प्रदर्शन के चलते सोनम येशे ने वर्ल्ड क्रिकेट में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। भूटान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 'द ड्रैगन्स' के नाम से जाना जाता है। भूटान क्रिकेट काउंसिल बोर्ड द्वारा प्रशासित एक उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय टीम है। 2017 से ICC की एसोसिएट सदस्य, यह टीम एशिया में T20I मैच खेलती है और उसने थाईलैंड, म्यांमार और चीन जैसी टीमों के खिलाफ यादगार जीत हासिल की है।