NZ vs SA: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए मैच में दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। क्या है ये नया रिकॉर्ड यहां जानिए।
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप का अहम मैच खेला गया। ये टूर्नामेंट का 24वां मुकाबला है जिसका आयोजन दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान, अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है।
मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने इसी के साथ ऐलान किया कि इस मैच में अपनी प्लेइंग-11 में कॉर्बिन बॉश की वापसी करा रहे हैं।
न्यूजीलैंड की टीम जब बल्लेबाजी करने उतरी तो सबकी नजरें दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक पर टिकी थीं जो धोनी के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ एक शिकार दूर थे। जैसे ही उन्होंने विकेट के पीछे न्यूजीलैंड का पहला शिकार किया, उन्होंने धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
क्विंटन डी कॉक अब टी20 विश्व कप इतिहास के सबसे सफल विकेटकीपर बन गए हैं। इस मैच से पहले धोनी और क्विंटन डी कॉक दोनों 32-32 डिसमिसल के साथ बराबरी पर थे। जैसे ही न्यूजीलैंड के खिलाफ डी कॉक ने अपना पहला शिकार किया वो 33 डिसमिसल के साथ टी20 वर्ल्ड कप में दुनिया में सबसे आगे हो गए।
क्विंटन डी कॉक ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के 30 मैचों में विकेट के पीछे अपना 33वां शिकार करते हुए धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। जबकि धोनी ने 33 मैचों की 32 पारियों में 32 डिसमिसल किए थे।
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल (30 मचों में 30 शिकार), चौथे नंबर पर वेस्टइंडीज के पूर्व विकेटकीपर दिनेश रामदीन (29 मैचों में 27 शिकार) और पांचवें नंबर पर श्रीलंका के महान पूर्व विकेटकीपर कुमार संगकारा (31 मैचों में 26 शिकार) हैं। यानी टॉप 5 विकेटकीपर में सिर्फ क्विंटन डी कॉक एकमात्र खिलाड़ी हैं जो अभी भी खेल रहे हैं।