दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सोमवार को पंजाब किंग्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और आईपीएल में वो कर दिखाया जो आज से पहले कभी नहीं हुआ। प्रियांश और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी ने पंजाब को विस्फोटक शुरुआत दी। चलिए जानते हैं कि आखिर पंजाब किंग्स ने कौन सा रिकॉर्ड अपने नाम किया?
प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश की जोड़ी ने उनका यह फैसला गलत साबित कर दिया। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में खूब रन बटोरे और आईपीएल में सबसे तेज टीम फिफ्टी का रिकॉर्ड जड़ दिया।
पंजाब की विस्फोटक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रियांश आर्य ने मिचेल स्टार्क की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर रन बनाने का सिलसिला शुरू किया। प्रियांश ने इस ओवर में 22 रन बटोरे जो पंजाब किंग्स का आईपीएल इतिहास के पहले ओवर में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।
प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह यहीं नहीं रुके, दोनों ने मिलकर अगली 10 गेंद में 28 र बटोरे। इस दौरान प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने 3 छक्के और एक चौका जड़ा। तीसरे ओवर में लुंगी एन्गिडी ने 17 रन खर्चे।
प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की जोड़ी ने मिलकर पंजाब किंग्स का स्कोर केवल 2.4 ओवर में 50 रन पर पहुंचा दिया। यह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड है। इससे पहले पंजाब किंग्स ने 17 गेंद में यह कारनामा किया था।
प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने केवल 41 गेंद में पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़ डाले और अपनी टीम पंजाब को विस्फोटक और मनचाहा शुरुआत दिला दी।
प्रियांश आर्य ने इस सीजन का 5वां अर्धशतक जड़ा। प्रियांश ने 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने एक चौका और 6 छक्के जड़े।
पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ की सबसे बड़ी दावेदार में से एक है। फिलहाल पंजाब 10 मैच में 6 जीत के साथ चौथे पोजीशन पर है।