पाकिस्तान महिला टीम की कप्तान फातिमा सना ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए इस फॉर्मेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने यह कारनामा जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में किया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में फातिमा सना ने केवल 15 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। यह विमेंस टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
फातिमा सना ने 11 साल पुराना सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। डिवाइन ने 2015 में भारत के खिलाफ 18 गेंद में अर्धशतक जड़ा था जो इस फॉर्मेट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड था, जिसे अब फातिमा ने अपने नाम कर लिया।
फातिमा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। यह ना केवल विमेंस क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है, बल्कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी फॉर्मेट में यह सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड है।
फातिमा सना ने पाकिस्तान के शोएब मलिक का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड था। मलिक ने स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में 18 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। फातिमा ने केवल 15 गेंद में यह कारनामा कर दिया।
फातिमा सना ने 19 गेंद में नाबाद 62 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 10 चौके जड़े। उनकी इस पारी के दम पर पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 223 रन का स्कोर खड़ा किया।
इससे पहले विमेंस क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड निदा डार के नाम था। निदा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में 20 गेंद में अर्धशतकीय पारी खेली थी।
3 मैच की टी20 सीरीज में पाकिस्तान ने 3-0 से जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ किया। पाकिस्तान ने पहला मुकाबला 153 रन से दूसरा मुकाबला 67 और तीसरा मुकाबला 133 रन से अपने नाम किया।
Jun 14, 2026