इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में छक्कों की बारिश लगातार जारी है। इस बार जिस गेंदबाज के खिलाफ बल्लेबाज सबसे ज्यादा आक्रामक दिखे हैं और जिसने सबसे ज्यादा छक्के खाए हैं, उनके बारे में यहां जानेंगे।
आईपीएल 2026 में अब तक 48 मुकाबले खेले जा चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मैच के बाद अब तक टूर्नामेंट में 885 छक्के लग चुके हैं। वहीं, अब तक 1487 चौके भी लगे हैं।
इस बार आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने की रेस में सबसे आगे हैं राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने 10 मैचों की 10 पारियों में अब तक 37 छक्के लगा दिए हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा संस्करण में अब तक जिस गेंदबाज ने सबसे ज्यादा छक्के खाए हैं, वो कोई और नहीं बल्कि भारत के श्रेष्ठ स्पिनरों में से एक कुलदीप यादव हैं। चाइनामैन गेंदबाजी कला की महारथ रखने वाला भारतीय क्रिकेट टीम का ये एकमात्र गेंदबाज इस समय दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहा है।
कुलदीप यादव ने अब तक आईपीएल 2026 में सर्वाधिक 24 छक्के खाए हैं। ये किसी भी अन्य गेंदबाज से ज्यादा है। इस मामले में दूसरे नंबर पर आते हैं दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर जिनकी गेंदों पर 21 छक्के लग चुके हैं।
आईपीएल 2026 में अब तक जिन 19 स्पिन गेंदबाजों ने 10 से ज्यादा ओवर फेंके हैं, उनमें कुलदीप यादव का इकॉनमी रेट भी सबसे खराब है। कुलदीप ने अब तक 10 रन प्रति ओवर के हिसाब से रन लुटाए हैं।
अगर बात करें उस गेंदबाज की जिसने अब तक आईपीएल 2026 में 5 से ज्यादा मैच खेले हैं और सबसे किफायती गेंदबाजी की है, तो वो हैं कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिनर सुनील नरेन। वेस्टइंडीज के इस स्पिनर ने 8 मैचों में सिर्फ 6.80 के इकॉनमी रेट से 31 ओवर में 211 रन लुटाए हैं। इस दौरान उन्होंने 9 विकेट झटके हैं और केकेआर को लखनऊ के खिलाफ मैच में सुपर ओवर में शानदार जीत भी दिलाई है।
आईपीएल 2026 में अब तक कुलदीप यादव ने 10 मैचों में कुल 7 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.37 का रहा है। अब तक उन्होंने 180 गेंदें की हैं जिसमें उन्होंने 311 रन लुटा दिए हैं। जबकि पिछले साल कुलदीप ने 14 मैचों में सिर्फ 7.08 के इकॉनमी रेट से 15 विकेट झटके थे।