भारत ने इंग्लैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह बना ली। इस मुकाबले में भारत ने पहले शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और बाद में गेंदबाजी और फील्डिंग में ऐसा समां बांधा कि इंग्लैंड की टीम आखिरी गेंद तक लड़ने के बावजूद जीत नहीं दर्ज कर पाई। टीम इंडिया की इस जीत में 5 खिलाड़ियों का अहम रोल रहा। चलिए जानते हैं भारत को टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचाने वाले 5 हीरो कौन-कौन हैं?
भारत की जीत की बात करें तो इसमें हार्दिक पांड्या के रोल को भी भूला नहीं जा सकता है।हार्दिक ने 4 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने बल्लेबाजी में भी अहम रोल निभाया और 12 गेंद में ताबड़तोड़ 27 रन की पारी खेली। 19वें ओवर में उन्होंने केवल 9 रन दिए और टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित कर दी।
जिस मुकाबले में कुल 499 रन बने, वहां जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर की गेंदबाजी में केवल 33 रन दिए और एक विकेट चटकाया। उन्होंने हैरी ब्रूक को आउट करने के अलावा 16वां और 18वां ओवर डाला। 16वें ओवर में बुमराह ने 8 रन जबकि 18वें ओवर में केवल 6 रन दिए और भारत की जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के तीसरे हीरो रहे अक्षर पटेल, उन्होंने 3 ओवर में 35 रन देकर एक विकेट चटकाया, बल्कि फील्डिंग में दो ऐसे कैच पकड़े जो अगर न लिए गए होते तो टीम इंडिया की जीत असंभव थी। उन्होंने हैरी ब्रूक और विल जैक्स का असंभव सा लग रहा कैच पकड़ा और इंग्लैंड को अहम मौके पर दो बड़े झटके दिए।
अक्षर पटेल ने पहले 24 मीटर पीछे भागकर हैरी ब्रूक का कैच पकड़ा और जब विल जैक्स और जैकब बेथल 77(39) रन की साझेदारी कर चुके थे तब दुबे के साथ मिलकर बाउंड्री पर जैक्स का अद्भुत कैच पकड़कर उन्हें आउट किया।
बल्लेबाजी की बात करें तो संजू सैमसन ने पिछले मैच का फॉर्म यहां भी जारी रखा और 89 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
संजू का साथ दिया ईशान किशन ने जिन्होंने अभिषेक शर्मा का विकेट गिरने के बाद दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की और टीम इंडिया को 117 रन तक पहुंचा दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप में दूसरे विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी थी। किशन ने 18 गेंद में 39 रन की पारी खेली।