टी20 वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है। पहला ही मुकाबला धमाकेदार रहा जहां पाकिस्तान ने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में जैसे-तैसे नीदरलैंड्स को पटखनी दी, लेकिन अब भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 15 फरवरी को इस टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी भारत-पाकिस्तान की टीम आपस में खेलेगी। इसको लेकर प्रयास जारी हैं, लेकिन इस दिन भारत-पाकिस्तान की टीम विमेंस क्रिकेट में टकराने वाली है। यानी उस दिन भारत-पाकिस्तान मुकाबला तो तय है।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान की टीम के बीच 15 फरवरी को जो मुकाबला प्रस्तावित था, उसको लेकर प्रयास जारी हैं। पाकिस्तान सरकार ने भले ही मुकाबला खेलने से मना कर दिया हो, लेकिन आईसीसी ने इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इतना ही नहीं टीम इंडिया के कप्तान सूर्या ने भी साफ कर दिया है कि टीम तय समय पर कोलंबो के लिए रवाना होगी और उसके लिए टिकट भी बुक कर लिए गए हैं।
मेंस क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर भले ही सस्पेंस की स्थिति बनी हुई हो, लेकिन रविवार को विमेंस क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की टीम भिड़ने वाली है। हम आपको बताएंगे कि यह मुकाबला कब और कहां खेला जाएगा। चलिए विस्तार से जानते हैं कि यह मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
15 फरवरी को इंडिया ए और पाकिस्तान ए की विमेंस टीम एशिया कप राइजिंग स्टार 2026 में एक दूसरे के खिलाफ उतरने वाली है। यह टूर्नामेंट 13-22 फरवरी के बीच खेला जाएगा।
एशिया कप राइजिंग स्टार में भारत और पाकिस्तान की टीम रविवार, 15 फरवरी को भिड़ने वाली है। यह मुकाबला भारतीय समयनुसार दोपहर 12.30 बजे शुरू होगा जबकि इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 12 बजे होगा।
इंडिया ए विमेंस टीम की कमान ऑलराउंडर राधा यादव के पास है जबकि पाकिस्तान का नेतृत्व उम्म ए हानी के पास है। दोनों टीम ऑनपेपर एकदम बैलेंस नजर आ रही है और फैंस को एक अच्छा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
अगर आप भारत और पाकिस्तान विमेंस के बीच इस मुकाबले को देखना चाहते हैं तो इसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है, जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप पर देखी जा सकेगी।