भारत और अफगानिस्तान के बीच आगामी 6 जून 2026 से न्यू चंडीगढ़ में एक टेस्ट मैच की सीरीज का आयोजन होने जा रहा है। इस मैदान पर पहली बार कोई टेस्ट मैच खेला जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत की प्लेइंग 11 कैसी होगी और किस खिलाड़ी की लंबे समय बाद वापसी होने वाली है, सब कुछ यहां जानेंगे।
टीम इंडिया के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ इस घरेलू टेस्ट मैच में ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे यशस्वी जायसवाल और अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल। जहां जायसवाल तेज पारी खेलते नजर आ सकते हैं, वहीं केएल राहुल एंकर बल्लेबाज की भूमिका में पारी को आगे बढ़ाते नजर आ सकते हैं।
तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन और देवदत्त पडीक्कल के नामों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है लेकिन मौजूदा समय में देवदत्त पडीक्कल को प्राथमिकता मिल सकती है जिन्होंने घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन करके दिखाया था। पडीक्कल 558 दिन बाद भारतीय टीम में वापसी करते नजर आएंगे। वहीं चौथे नंबर पर टीम के कप्तान शुभमन गिल उतरेंगे।
भारतीय टेस्ट टीम के बैटिंग ऑर्डर में पांचवें नंबर पर ऋषभ पंत खेलते नजर आएंगे और वो विकेटकीपर की भूमिका भी निभाएंगे। जबकि छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी।
अफगानिस्तान के खिलाफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए वॉशिंगटन सुंदर सबसे सही विकल्प नजर आ रहे हैं जो बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी लय में हैं। उनकी इस टेस्ट मैच में बहुत बड़ी भूमिका रह सकती है।
भारतीय टीम के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ मुख्य स्पिनर कुलदीप यादव होंगे, जबकि उनका साथ देने के लिए दूसरे छोर से ऑलराउंडर स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर मौजूद होंगे। इसके अलावा, अगर भारत तीन स्पिनर्स के साथ उतरने का मन बनाता है तो रविन्द्र जडेजा की गैरमौजूदगी में दो खिलाड़ियों में से एक को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। ये हैं टीम में शामिल किए गए बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और हर्ष दुबे।
एक टेस्ट मैच के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। वनडे सीरीज का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
जसप्रीत बुमराह इस मैच का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों में होगी। वैसे तो नीतीश कुमार रेड्डी भी पेस अटैक में योगदान देंगे लेकिन अगर भारत तीन स्पिनर्स के बजाय तीन स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों के विकल्प के साथ जाना चाहेगी तो गुरनूर बरार को टीम में डेब्यू का मौका मिल सकता है।
Jun 14, 2026