भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में ऑलराउंडर प्रदर्शन कर पूरे मैच में अपनी पकड़ बनाए रखा और घर पर टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई। इस जीत में टीम इंडिया के इन खिलाड़ियों का अहम रोल रहा। एक-एक कर इन हीरो के बारे में जानते हैं।
जब मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया तो जरूरी था कि टीम इंडिया की सलामी जोड़ी एक अच्छी शुरुआत दे। ऐसा ही हुआ जब संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 98 रन का ऐतिहासिक साझेदारी की। संजू सैमसन ने 46 गेंद में 5 चौके और 8 छक्के की मदद से 89 रन की पारी खेली। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेली गई सबसे बड़ी पारी है। इसी पारी ने टीम इंडिया के विशाल स्कोर की नींव रखी। इस तरह संजू जीत के पहले हीरो हैं।
टीम इंडिया के दूसरे हीरो बने अभिषेक शर्मा, फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक पर भारी दबाव था। लेकिन उन्होंने फॉर्म की वापसी के लिए सही मंच चुना और 21 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। उन्होंने 18 गेंद में नॉकआउट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया। उनकी पारी ने टीम इंडिया के बड़े स्कोर का टोन सेट कर दिया।
शिवम दुबे इस टी20 वर्ल्ड कप के छिपे रुस्तम हैं। फाइनल में भी भले शिवम बड़ी पारी नहीं खेल पाए हो, लेकिन उन्होंने केवल 8 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 26 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी इस पारी ने न्यूजीलैंड से मोमेंटम अपनी ओर खींच लिया और टीम इंडिया 250 रन के पार पहुंच पाई।
इस जीत के चौथे हीरो बने उप-कप्तान अक्षर पटेल। इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड बल्लेबाजी की जान थे फिन एलन। अक्षर पटेल ने उन्हें 9 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। अक्षर यहीं नहीं रुके, उन्होंने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट चटकाए और टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित कर दी।
टीम इंडिया की जीत के 5वें हीरो रहे ईशान किशन। उन्होंने न केवल 25 गेंद में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 54 रन की विस्फोटक पारी खेली, बल्कि फील्डिंग में 3 बेहतरीन कैच पकड़े। उन्होंने टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल का कैच पकड़ा और टीम इंडिया को तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया।
टीम इंडिया की जीत के छठे हीरो रहे जसप्रीत बुमराह। उन्होंने 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में यह किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्पेल है।
इन 6 खिलाड़ियों के अलावा अन्य खिलाड़ियों का भी अहम रोल रहा। इस मुकाबले में भले हार्दिक पांड्या कुछ खास नहीं कर पाए हो, लेकिन उनका भारत के टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने में अहम रोल रहा। फाइनल में हार्दिक ने 13 गेंद में 18 रन और एक विकेट चटकाया।