बैंकॉक में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पाकिस्तान महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम 18.5 ओवर में 93 रन बनाकर सिमट गई। तनुजा कंवर को छोड़ बाकी के छह गेंदबाजों के खाते में विकेट गए।
पाकिस्तान को पहला झटका दो के स्कोर पर लगा। जब साइमा ठाकोर ने युसरा अमीर को 1 के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया। 15 के स्कोर पर कलिता ने ओमाइमा सोहेल को आउट कर दूसरा झटका दिया। इमान नसीर, अनुष्का शर्मा की गजब की फील्डिंग के चलते रन आउट हो गई। सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार 23 रन बनाकर राधा यादव का शिकार बनीं।
गुल रुख 21 रन बनाकर रावत का शिकार बनीं। अनोशा नसीर 17 रन बनाकर रन आउट हुईं। इनके अलावा अन्य कोई भी पाकिस्तानी बैटर दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। साइमा ठाकोर के नाम 4 ओवर में 14 रन देकर दो विकेट रहे।
जिंतीमनी कलिता ने 3 ओवर में 18 रन देकर एक विकेट हासिल किया। मिन्नू मनी ने 2.5 ओवर में 10 रन खर्च कर एक सफलता हासिल की। कप्तान राधा यादव ने 3 ओवर में 11 रन देकर दो पाकिस्तानी बल्लेबाजों का शिकार किया। प्रेमा रावत ने 3 ओवर में 16 रन देकर दो शिकार किए।
पाकिस्तान से मिले 94 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय महिला टीम की शुरुआत खराब रही। टीम को पहली गेंद पर झटका लगा। हुमैरा काजी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। हालांकि, मामला बिगड़ता इससे पहले ही दिनेश वृंदा और अनुष्का शर्मा ने स्थिति संभाल ली।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 गेंद पर 79 रन की साझेदारी की। जीत की दहलीज पर खड़ी भारतीय टीम को 79 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अनुष्का शर्मा 26 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद तेजल हसब्निस क्रीज पर आईं। वृंदा और तेजल ने मिलकर भारत को 8 विकेट से जीत दिला दी।
भारत ने 10.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। वृंदा दिनेश 29 गेंद पर 55 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं तेजल ने 5 गेंद पर 12 रन की नाबाद पारी खेली। इस जीत से भारत ने अपनी नेट रन रेट सुधारा है। वह प्वाइंट्स टेबल में एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, पाकिस्तान टीम भी दो अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। हालांकि, उनका नेट रन रेट भारत से बहुत कम है।