बेशक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने छठे विश्व कप के साथ फीफा वर्ल्ड कप को अलविदा कह दिया है लेकिन वो क्लब फुटबॉल अभी खेलना जारी रखेंगे और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर करियर को लेकर भी उन्होंने स्पष्टता जारी नहीं की है। रोनाल्डो साफ कह चुके हैं कि इसके बारे में वो बाद में सोचेंगे और उनका अगला टारगेट क्या है।
पुर्तगाल के 41 वर्षीय स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो ने अब तक अपने फुटबॉल करियर में अंतरराष्ट्रीय स्तर और क्लब लेवल पर खेलते हुए कुल मिलाकर 976 गोल कर दिए हैं। अब वो 1000 गोल के सबसे बड़े रिकॉर्ड से सिर्फ 24 गोल दूर हैं।
रोनाल्डो ने अपने पूरे करियर में अब तक जो 976 सीनियर करियर गोल किए हैं, उसमें उन्होंने अपने देश पुर्तगाल की टीम के लिए खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 146 गोल किए हैं। उन्होंने ये गोल 233 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में किए हैं। ये सफल 2003 में शुरू हुआ था।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो इसके अलावा फुटबॉल इतिहास में सिर्फ तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जिसने 1,300 पेशेवर मैचों में हिस्सा लिया है। इस लिस्ट में शीर्ष पर ब्राजील के गोलकीपर फाबियो (1,433) और दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व गोलकीपर पीटर शिल्टन (1,387) का नाम दर्ज है।
फीफा वर्ल्ड कप करियर की बात करें तो रोनाल्डो इस सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट में सर्वाधिक 6 संस्करण खेलने का मेस्सी के साथ संयु्क्त रिकॉर्ड बनाया है। हालांकि, फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने के मामले में वो मेस्सी से काफी पीछे रह गए। रोनाल्डो ने फुटबॉल वर्ल्ड कप करियर में 27 मैचों में 11 गोल किए हैं। जबकि मेसी अब तक सर्वाधिक 20 गोल कर चुके हैं और मौजूदा वर्ल्ड कप में ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
रोनाल्डो सउदी अरब के फुटबॉल क्लब अल-नासर का हिस्सा हैं और आने वाले समय में वो इसी क्लब से खेलते नजर आ सकते हैं। वो 41 साल के हो चुके हैं और करियर के अंतिम मोड़ पर हैं, ऐसे में मुश्किल ही है कि कोई अन्य क्लब उनको इस समय खरीदना चाहेगा।
बेशक अब हम रोनाल्डो को फीफा वर्ल्ड कप में कभी खेलते नहीं देखेंगे लेकिन वो 3 ऐसे रिकॉर्ड बनाकर गए हैं जिनको तोड़ना आसान नहीं होगा। वो फीफा वर्ल्ड कप मैच में दो गोल करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी बने जब उन्होंने 41 वर्ष 138 दिन की उम्र में उज्बेकिस्तान के खिलाफ हाल में गोल किए। इसके अलावा, वो सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने जिसने नॉकआउट चरण में गोल किया, जब मौजूदा विश्व कप में क्रोएशिया के खिलाफ उन्होंने पेनल्टी पर गोल किया। वहीं, वो मेसी के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक 6 विश्व कप खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड तो साझा करते ही हैं, बल्कि साथ ही पुर्तगाल के लिए सर्वाधिक 26 विश्व कप मैच खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर गए हैं।