टी20 क्रिकेट की रफ्तार में जहां हर गेंद पर छक्के की उम्मीद होती है। वहीं पहली ही गेंद पर आउट होना किसी भी बल्लेबाज के लिए एक बुरे सपने जैसा होता है। लेकिन अगर कोई बल्लेबाज पहली ही गेंद पर रन आउट (Run Out) हो जाए, तो यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि क्रिकेट के दुर्लभ आंकड़ों में भी शामिल हो जाता है। T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे मौके आए हैं जब खिलाड़ी बिना कोई गेंद खेले या पारी की पहली ही गेंद पर तालमेल की कमी के कारण रन आउट हो कर पवेलियन लौट गए।
क्रिकेट में कहा जाता है कि अगर आप बोल्ड या कैच होते हैं तो वह गेंदबाज की बेहतरीन गेंदबाजी हो सकती है। लेकिन रन आउट होना अक्सर गलत कॉल या खराब तालमेल का नतीजा होता है। टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में पहली गेंद पर रन आउट होने से न केवल बल्लेबाज का आत्मविश्वास डगमगाता है, बल्कि पूरी टीम दबाव में आ जाती है। आइए जानते हैं कि T20I मैच की पारी की पहली गेंद पर रन आउट के शिकार हुए खिलाड़ियों के बारे में।
टी20I में पहली गेंद पर रन आउट होने के मामले में पॉल स्टार्लिन पहले स्थान पर हैं। केन्या के खिलाफ साल 2012 में मोम्बासा में खेले गए टी20 मैच में यह आश्चर्यजनक घटना घटी थी। पॉल नॉन स्ट्राइक पर थे। स्ट्राइकर बल्लेबाजी ने शॉट खेला और पॉल रन लेने के लिए निकले। इसी बीच वह रन आउट हो गए। वह एक भी गेंद नहीं खेल सके और रन आउट होकर पवेलियन लौटे।
अफगानिस्तान के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज का भी नाम इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है। दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान गुरबाज पहली गेंद पर रन आउट हुए थे। यह मैच 19 जनवरी 2026 को खेला गया था। जायडन सील्स की गेंद पर शॉट खेला और रन लेने के लिए दौड़े। नॉन स्ट्राइकर एंड पर गुडाकेश मोती के डायरेक्ट थ्रो के चलते वह रन आउट हो गए।
रन आउट होने के मामले में फिजी का खिलाड़ी तीसरे स्थान पर है। विलिसोनी वेइक्रावी जापान के खिलाफ खेलते हुए रन आउट हुए। वह बिना गेंद खेले पवेलियन लौटे। उनके साथी खिलाड़ी ने शॉट खेला था, जिसके बाद वह रन आउट हुए। यह मैच साल 2026 में खेला गया था।
साल 2024 में 20 नवंबर को थाईलैंड और कंबोडिया के बीच मैच खेला गया। इस मैच में थाईलैंड ने पहले बल्लेबाजी की। दूसरी पारी में रनचेज करने आई कंबोडिया टीम को पहली गेंद पर बड़ा झटका लगा। साल्विन स्टैनली पहली गेंद पर रन आउट हुए। वह टी20I क्रिकेट में पहली गेंद पर रन आउट होने वाले चौथे खिलाड़ी हैं।
ये कुछ ऐसे खिलाड़ी थे जिनके नाम ये अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पहली पारी में तीन खिलाड़ी पारी की पहली गेंद पर रन आउट हुए हैं। तो वहीं, दूसरी पारी की पहली गेंद पर रन आउट होने का एक मामला अभी तक सामने आया है। पहली गेंद पर रन आउट होने का यह रिकॉर्ड दुर्लभ है।