आईपीएल 2026 में दिल्ली और पंजाब के बीच खेले गए अहम मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मैच तो जीता ही, साथ ही एक ऐसा अनोखा रिकॉर्ड स्थापित कर दिया जो आईपीएल के साथ-साथ टी20 क्रिकेट में भी वर्चस्व बना चुका है। आइए जानते हैं क्या हैं दिल्ली का ये नया रिकॉर्ड।
धर्मशाला के मैदान पर आईपीएल 2026 में पहली बार कोई मैच खेला जा रहा था। बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच स्थित शानदार स्टेडियम में पंजाब किंग्स पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उसने कप्तान श्रेयस अय्यर और युवा ओपनर प्रियांश आर्य की अर्धशतकीय इनिंग्स के सहारे 20 ओवर बाद दिल्ली के सामने 211 रनों का बड़ा टारगेट रख दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम जब पंजाब किंग्स के खिलाफ गेंदबाजी कराने उतरी थी तब उन्होंने पारी के शुरुआत से लेकर अंत तक एक अनोखी रणनीति के तहत काम किया। उन्होंने अपने एक भी स्पिनर से गेंदबाजी नहीं कराई।
दिल्ली की टीम ने पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया- मिचेल स्टार्क, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार और माधव तिवारी। ये सभी तेज गेंदबाज हैं। यहां तक कि खुद टीम के कप्तान व भारत के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में शुमार अक्षर पटेल तक ने एक भी ओवर नहीं फेंका।
ये आईपीएल इतिहास में 3363 दिन बाद हुआ है जब किसी टीम ने एक पारी में अपने सभी 20 ओवर तेज गेंदबाजों से ही करा डाले। आखिरी बार ये रणनीति सिर्फ सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज थी जिसने आरसीबी के खिलाफ मैच में 3363 दिन पहले एक आईपीएल मैच में ऐसा ही किया था और अपने सभी 20 ओवर तेज गेंदबाजों से करवाए थे। वैसे आईपीएल में ऐसे मौके 13 बार आ चुके हैं लेकिन इसे सबसे ज्यादा बार करने वाली टीम दिल्ली कैपिटल्स ही है जिसने 5 बार ऐसा किया है।
दिल्ली ने ये रणनीति तो अपना ली लेकिन उसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा क्योंकि टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 4 ओवर में सर्वाधिक 57 रन लुटा दिए। हालांकि उनके खाते में 2 विकेट जरूर आए। जबकि दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी रहे जिन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 46 रन लुटाए।
पंजाब किंग्स की टीम भी दिल्ली को देखते-देखते इसी रणनीति पर काम करने लगी, उनको भी लगा कि इस पिच पर स्पिनर शायद किसी काम के नहीं हैं। इसलिए जो 19 ओवर उन्होंने मैच के अंत तक फेंके, वे सभी तेज गेंदबाजों से ही करवाए। इस तरह टी20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बन गया जब एक टी20 मैच में दोनों टीमों की तरफ से फेंके गए सभी ओवर तेज गेंदबाजों ने ही किए जबकि पंजाब के पास युजवेंद्र चहल जैसा आईपीएल का सबसे सफल स्पिन गेंदबाज मैदान पर मौजूद था।
पंजाब ने तेज गेंदबाजों की रणनीति की नकल का प्रयास किया लेकिन ये उनको भारी पड़ गया क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स ने खराब शुरुआत के बावजूद अक्षर पटेल और डेविड मिलर की अर्धशतकीय साझेदारियों सहित अंतिम ओवरों में माधव तिवारी और आशुतोष शर्मा की आक्रामक बैटिंग के दम पर 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और पंजाब को लगातार अपनी चौथी हार का सामना करना पड़ा।