आईपीएल के साथ-साथ पीएसएल 2026 भी जारी है। रविवार को 29वें मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसी पारी खेली जिसने उनके आलोचकों की बोलती बंद कर दी। क्वेटा ग्लेडिएटर्स के खिलाफ इस मुकाबले में बाबर ने अपने टी20 करियर का 12वां शतक जड़ा।
क्वेटा ग्लेडिएटर्स के खिलाफ इस मुकाबले में बाबर आजम ने 192.31 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 करियर का 12वां शतक जड़ दिया। उन्होंने केवल 52 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की जो पीएसल में उनका सबसे तेज शतक भी है। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के जड़े।
यह बाबर आजम के टी20 करियर का 12वां शतक था और अब इस फॉर्मेट में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में वह केवल यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल से पीछे हैं जिनके नाम 455 पारी में 22 शतक है।
बाबर आजम ने इस पारी के दम पर टी20 क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में केवल एक गेंद डॉट खेली। टी20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले वो पहले बल्लेबाज बन गए।
बाबर आजम की तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्बोंने अबरार अहमद के एक ओवर में 28 तो मिस्ट्री गेंदबाज उस्मान तारिख के ओवर में 23 रन बटोरे।
इस तूफानी शतक के दम पर बाबर आजम ने सर्वाधिक फिफ्टी प्लस बनाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब उनके नाम 111 फिफ्टी प्लस स्कोर हो गए हैं और इस मामले में वह क्रिस गेल के 110 फिफ्टी प्लस स्कोर से आगे निकल गए।
इस शतक के दम पर बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में उस्मान खान, कामरान अकमल और राइली रुसो की बराबरी कर ली।