टी20 वर्ल्ड कप का खराब फॉर्म अभिषेक का पीछा नहीं छोड़ रही। पिछले मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले अभिषेक से राजस्थान के खिलाफ मैच में भी बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने निराश किया। अभिषेक पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर का शिकार बन गए।
जीत के रथ पर सवार राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान इस सीजन एक भी मुकाबला नहीं हारा है। इसके पीछे वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की शानदार बल्लेबाजी रही।
हैदराबाद की ओर से एक बार फिर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। स्ट्राइक अभिषेक के पास थी और पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए। उनका कैच रवि बिश्नोई ने पकड़ा।
अभिषेक शर्मा को जोफ्रा आर्चर ने पवेलियन भेजा। यह चौथा मौका था जब आर्चर ने अपनी पहली ही गेंद पर किसी को अपना शिकार बनाया। इस लिस्ट में मोहम्मद शमी टॉप पर हैं, जिन्होंने 5 दफा यह कारनामा किया।
इसके साथ ही अभिषेक शर्मा के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। साल 2026 की बात करें तो यह 18 पारी में 7वां मौका था जब अभिषेक खाता भी नहीं खोल पाए। उनसे ज्यादा एक साल में कोई भी भारतीय बल्लेबाज शून्य पर आउट नहीं हुआ।
अभिषेक शर्मा ने एक साल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने के मामले में रोहित शर्मा और संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सैमसन 2024 में और रोहित शर्मा 2018 में 6 बार डक पर आउट हुए थे।
आईपीएल 2026 की बात करें तो अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा। 5 मैच में 25.80 की औसत से अभिषेक अब तक केवल 129 रन बना सके हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 74 रन है।