राम नवमी का त्योहार चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को यानी नवरात्रि के नौवें दिन पर मनाया जाता है। इस साल ये पर्व 6 अप्रैल को मनाया जाएगा। वैसे तो पूरे भारत वर्ष में ये त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है लेकिन इसकी खास रौनक भगवान राम के जन्म स्थान अयोध्या में देखने को मिलती है। जानिए इस साल अयोध्या राम मंदिर में कैसे मनाया जाएगा भगवान राम का जन्मोत्सव।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया कि राम नवमी को विशेष अनुष्ठान होंगे। सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक श्रीरामलला का अभिषेक होगा जबकि 10:30 से 11:40 बजे तक पट बंद रहेगा।
सुबह 11:45 बजे तक श्रीरामलला का श्रृंगार होगा। इस दौरान मंदिर का पट खुला रहेगा। इसके बाद श्रीरामलला को भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके दौरान पट पुनः बंद रहेंगे।
दोपहर 12:00 बजे श्रीराम जन्म के साथ भव्य आरती और सूर्य तिलक होगा, जब सूर्य की किरणें श्रीरामलला के ललाट को प्रकाशित करेंगी।
जो श्रद्धालु राम नवमी के दिन अयोध्या नहीं पहुंच सकते, वे टेलीविजन और ऑनलाइन माध्यमों से इस दिव्य क्षण का आनंद ले सकते हैं।
राम नवमी पर राम मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जाएगा। गर्भगृह में फूल बंगला झांकी सजेगी। इस दौरान काफी भीड़ उमड़ने की संभावना है। जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहेगी।
अंगद टीला के परिसर में अतुल कृष्ण भारद्वाज राम कथा सुनाएंगे। राम जन्मभूमि परिसर में रामकथा का आयोजन दूसरी बार होने जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तरफ से राम नवमी कार्यक्रम की पूरी डिटेल शेयर की गई है।