आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जंक फूड हमारी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन गया है। पिज्जा, बर्गर, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेट वाले स्नैक्स का सेवन अगर आप लंबे समय से करते आ रहे हैं तो जान लें कि यह सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
जंक फूड अगर आप रोज खा रहे हैं तो जान लें कि ये चीजें शरीर में बार-बार खाने की इच्छा पैदा करती हैं, जिससे इसकी आदत लग सकती है। थोड़ी समझदारी और कुछ आसान आदतों की मदद से जंक फूड खाने की आदत को कम किया जा सकता है।
शरीर की जरूरतों को समझना बेहद जरूरी है। कई बार हम समय पर खाना नहीं खाते, जिसकी वजह से तेज भूख लगती है और हम जल्दी में जंक फूड खा लेते हैं। इसलिए कोशिश करें कि घर का बना खाना अपने साथ रखें। अगर ऐसा संभव ना हो, तो फल या अन्य पौष्टिक स्नैक्स का चुनाव करें।
पैक्ड फूड की शेल्फ लाइफ पर भी ध्यान दें। जो चीजें 9 से 12 महीने तक खराब नहीं होतीं, उनमें अक्सर ज्यादा प्रिजर्वेटिव मिलाए जाते हैं। इसके बजाय ताजा और कम समय तक चलने वाले खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करें।
पर्याप्त पानी पीना भी बहुत जरूरी है। कई बार हमें लगता है कि भूख लगी है, जबकि वास्तव में शरीर को पानी की जरूरत होती है। इसलिए जब भी अचानक कुछ खाने का मन करे, पहले एक गिलास पानी पीकर देखें।
प्राकृतिक स्नैक्स जैसे- बादाम, काजू, अखरोट, खजूर और ताजे फलों को डाइट में शामिल करें। शरीर को जरूरी पोषक तत्वों को देने के साथ ही ये भूख भी शांत करते हैं।