Anupamaa 7 Maha Twist 9 March, 2026: टीवी के पॉपुलर सीरियल "अनुपमा' ने दर्शकों के दिलों-दिमाग पर कब्जा किया हुआ है। 'अनुपमा' में आए दिन महाट्विस्ट आ रहे हैं, जिसने दर्शकों की एक्साइटमेंट भी सातवें आसमान पर पहुंचा दी है। बीते दिन सीरियल में दिखाया गया कि पूजा होने से पहले ही प्रार्थना बेटी के साथ मंदिर जाने की जिद्द करती है। अनुपमा और वसुंधरा उसे रोकते हैं, लेकिन पराग उसे जाने की इजाजत दे देता है। लेकिन रुपाली गांगुली के 'अनुपमा' में आने वाले महाट्विस्ट यहीं पर खत्म नहीं होते हैं।
रुपाली गांगुली स्टारर 'अनुपमा' में दिखाया जाएगा कि पूजा का मुहुर्त होगा और कोठारी परिवार प्रार्थना व उसकी बेटी का इंतजार करेगा। प्रेम से लेकर राही तक प्रार्थना को फोन कर करके परेशान होंगे, लेकिन किसी का भी फोन नहीं लगेगा। ऐसे में वसुंधरा के हाथ पांव फूलने लगेंगे।
'अनुपमा' में दिखाया जाएगा कि अनुपमा के पैर में कील चुभ जाएगी, जिसे निकालने में अनुपमा का ध्यान भटक जाएगा। वहीं प्रार्थना देखेगी कि एक ट्रक तेज रफ्तार में अनुपमा की तरफ बढ़ रहा है। प्रार्थना अनुपमा को आवाज देगी, लेकिन उसे नहीं सुनाई देगा। ऐसे में वो आकर अनुपमा को धक्का मार देगी, लेकिन खुद ट्रक के सामने आ जाएगी। हादसे में प्रार्थना की मौके पर ही मौत हो जाएगी।
अनुपमा प्रार्थना की बेटी को गोद में लेकर कोठारी निवास पहुंचेगी। वहां अनुपमा की हालत देखकर पूरा परिवार घबरा जाएगा। वसुंधरा बार-बार अनुपमा से प्रार्थना के बारे में पूछेगी। बेटी की मौत के बारे में पता चलते ही पूरा परिवार सदमे में चला जाएगा। वे न केवल अंश और अनुपमा को दोषी ठहराएंगे, बल्कि उससे बेटी भी छीन लेंगे।
प्रार्थना की मौत से पराग गम में चूर होगा। वो बार-बार अपने आप को प्रार्थना की मौत का दोषी ठहराएगा। प्रार्थना के जाने के गम में पराग खाना-पीना भी छोड़ देगा और फूट-फूटकर रोएगा।
अनुपमा दूसरी तरफ सदमे में चली जाएगी। प्रार्थना की मौत से शाह परिवार में भी सन्नाटा पसर जाएगा। वहीं अंश का भी पत्नी के जाने से रो-रोकर बुरा हाल होगा। लेकिन अंश अनुपमा से कहेगा कि इसमें आपका कोई दोष नहीं है, आपको दोष देना है तो भगवान को दो।
अनुपमा का सहारा बनकर देविका वहां आएगी। देविका की आवाज सुनकर अनुपमा की जान में जान आएगी। लेकिन वो देविका के सामने भी अपने आपको दोषी ठहराएगी। हालांकि देविका उसे समझाएगी कि अगर तू इतनी ही बुरी होती तो क्या मैं तेरे पास आती अपनी बेटी की जिम्मेदारी लेकर।
'अनुपमा' में आने वाले ट्विस्ट यहीं पर खत्म नहीं होते हैं। शो में दिखाया जाएगा कि देविका अनुपमा से उसके साथ गोवा जाने के लिए कहेगी। वो कहेगी कि किसी प्रोजेक्ट के कारण उसे अमेरिका जाना पड़ रहा है और वो अपनी बेटी को यहां अकेले नहीं छोड़ सकती है। अनुपमा अंश का हवाला देकर जाने से मना करेगी, लेकिन बापूजी कहेंगे कि अंश को संभालने के लिए यहां हम सब हैं। वहीं देविका भी पूछेगी कि तू मेरी बेटी को अकेले कैसे छोड़ देगी, तुझे मेरे साथ चलना होगा। ऐसे में अनुपमा सबकुछ पीछे छोड़ देविका के साथ गोवा चली जाएगी।