Anupamaa 7 Maha Twist 9 July, 2026: टीवी के पॉपुलर सीरियल 'अनुपमा' में एक साथ कई महाट्विस्ट आने वाले हैं। रुपाली गांगुली स्टारर 'अनुपमा' का हर एपिसोड दिन पर दिन और दिलचस्प होता जा रहा है। बीते दिन सीरियल में दिखाया गया कि प्रेम की कोठारी निवास में जमकर फजीहत होती है। मोटी बा श्रुति की बखिया उधेड़ने में जरा भी देर नहीं लगाती हैं। लेकिन प्रेम अपनी चोरी पर सीनाजोरी करता है। हालांकि 'अनुपमा' में आने वाले महाट्विस्ट यहीं खत्म नहीं होते हैं।
राही और प्रेम एक-दूजे से बात कर ही रहे होंगे कि तभी अनुपमा फोन करेगी। लेकिन प्रेम के मोबाइल पर कॉल नहीं लगेगी। ऐसे में अनुपमा प्रेम के घर पर फोन करेगी। प्रेम उस फोन को उठाएगा। अनुपमा उसे बताएगी कि कॉल पर वो है और वो उससे मिलना चाहती है। प्रेम सवाल करेगा कि क्यों? लेकिन अनुपमा बोलेगी कि मुझे कुछ सवाल के जवाब चाहिए। ऐसे में प्रेम उससे मिलने के लिए तैयार हो जाएगा।
प्रेरणा अपनी और अंश की सुहागरात के लिए कमरा सजाएगी। लेकिन तभी अंश उसे आकर कहेगा कि ये काम तुम्हारा नहीं है। प्रेरणा जवाब देगी कि जब काम मेरा नहीं है तो किसी और ने ये क्यों नहीं किया। आज हमारी शादी हुई, हमारे लिए ये दिन कितना खास है। लेकिन किसी का ध्यान हमारे ऊपर नहीं है। गलती प्रेम ने की और चीजें हमारी बर्बाद हुईं। प्रेरणा अंश से कहेगी कि हमारी खुशियों का ख्याल हमें खुद रखना होगा, कोई हमारी चीजें बर्बाद नहीं कर सकता है। वरना हम भी अनु मां की तरह सब सहते ही रहेंगे।
प्रेम और अनुपमा एक-दूजे के सामने आएंगे। प्रेम अनुपमा को उसकी डायरी देगा, लेकिन वो बोलेगी कि ये चाहिए होता तो मैं किसी और से ले लेती। अनुपमा प्रेम से पूछेगी कि जो होठों की हंसी था, वो नफरत कैसे बन गया। जो मां का सबसे लाडला था, वो दुश्मन कैसे बन गया? जो इतना सच्चा था कि कभी नजर भी नहीं चुराता था, वो आज डायरी चुराने लग गया है। नफरत ने तुम्हें क्या बना दिया है?
राही प्रेम के जाने से परेशान होगी। लेकिन तभी श्रुति वहां दवाइयां लेकर आएगी। इसपर राही कहेगी कि जो तकलीफ आपने दी, उसकी क्या दवाई है। आपने मेरे प्रेम को चोर बना दिया है। श्रुति कहेगी कि इसे चोरी नहीं कहते, बिजनेस में ये सब जरूरी है। मैंने प्रेम में और कैफे में निवेश किया है। इसपर राही कहेगी कि आपको फिर बिजनेस बिल्कुल नहीं आता।
राही बोलेगी कि प्रेम इनसिक्योरिटी और जलन से दूर था, लेकिन अब वो पूरी तरह से बदल चुका है। आपने सबकुछ गलत कर दिया है। वो कॉन्फिडेंट था, लेकिन अब वो नहीं रहा ऐसा, सिर्फ आपकी वजह से। आप मुझसे इतना ही प्यार करती हैं तो आपने मुझसे मेरे प्रेम को छीन क्यों लिया। राही श्रुति से कहेगी कि आपका मम्मी से जो भी है, आप उससे डील कीजिए। बस अपनी लड़ाई में मुझे और प्रेम को मोहरा मत बनाइये।
अनुपमा प्रेम से कहेगी कि तुम खुद से आईने में नजर कैसे मिला लेते हो। प्रेम कहेगा कि आपकी वजह से। आप अपनी बेज्जती कराने आई हैं तो सुनिये। मैं आपसे नफरत करता हूं। आपने मुझे बर्बाद किया, मेरा कैफे बंद कराया, सिर्फ अपने महानता के मेडल के लिए। हां मैंने डायरी और फॉर्म चुराया। मुझे रास्ते के कांटे को हटाना पड़ेगा तो मैं हटाउंगा।
प्रेम अनुपमा से कहेगा कि राही भी उससे उतनी ही नफरत करती है, जितना वो करता है। लेकिन अनुपमा बोलेगी कि ऐसे में राही तेरी चोरी में तेरे साथ क्यों नहीं थी। तेरा सपना तो कैफे खोलना था, मुझे बर्बाद करना और नुकसान पहुंचाना तो श्रुति का सपना था। अब तू अपने आपसे पूछना कि तू किसका सपना पूरा कर रहा है, अपना या श्रुति का। प्रेम कहेगा कि मुझे सिर्फ आपको हराना है, इसपर अनुपमा बोलेगी कि हराकर दिखा। तुझे जो करना है कर, मैं जिंदगी में ही नहीं कुकिंग में भी तेरी मां हूं।