भारतीय रेलवे को देश की लाइफलाइन कहा जाता है। यहां रोजाना 13000 से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जाता है। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि भारत के किस रेलवे स्टेशन से पैदल विदेश जा सकते हैं।
अपने आपको जीके का धुरंधर बताने वाले भी इस रेलवे स्टेशन का नाम नहीं बता पाए हैं। अगर आप भी नहीं जानते हैं किस रेलवे स्टेशन से पैदल डायरेक्ट विदेश जा सकते हैं तो यहां जान लीजिए।
बता दें यहां हम भारत के जोगबनी रेलवे स्टेशन की बात कर रहे हैं। यह बिहार राजय के अररिया जिले में स्थित है। यह स्टेशन भारत-नेपाल सीमा के बिल्कुल पास स्थित है, जिसके कारण इसका सामरिक और व्यावसायिक महत्व काफी अधिक है।
जोगबनी शहर नेपाल के विराटनगर से जुड़ा हुआ है, इसलिए यह स्टेशन दोनों देशों के बीच आवागमन और व्यापार के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करता है। यहां से आप पैदल मात्र कुछ ही मिनट में नेपाल पहुंच सकते हैं।
यह स्टेशन मुख्य रूप से ब्रॉड गेज लाइन से जुड़ा है और यहां से कई प्रमुख शहरों के लिए ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं। जोगबनी से पटना, कटिहार और दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण शहरों के लिए ट्रेनें चलती हैं।
स्टेशन की सुविधाओं की बात करें तो यहां यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जैसे टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और प्लेटफॉर्म शेड।
साथ ही समय-समय पर स्टेशन के आधुनिकीकरण के प्रयास भी किए गए हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा बांग्लादेश की सीमा पर स्थित हल्दीबाड़ी रेलवे स्टेशन, पेट्रापोल रेलवे स्टेशन और जयनगर स्टेशन से विदेश जा सकते हैं।