इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट रांची ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड हासिल किया है। संस्थान की ओर से जारी फाइनल प्लेसमेंट रिपोर्ट के मुताबिक इस बार 100 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है।
सबसे खास बात यह रही कि एक छात्र को सालाना 1.2 करोड़ रुपये का हाईएस्ट पैकेज मिला, जिसने इस प्लेसमेंट सीजन को खास बना दिया। रिपोर्ट के अनुसार, विभिन्न MBA प्रोग्राम्स से कुल 421 छात्रों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इनमें 50 छात्र Executive MBA (EMBA) प्रोग्राम के थे।
संस्थान के निदेशक Prof Deepak Kumar Srivastava ने बताया कि 2024-26 बैच के एक EMBA छात्र को लीडरशिप रोल के लिए 1.2 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज ऑफर हुआ, जो इस साल का सबसे बड़ा ऑफर है।
अगर MBA छात्रों की बात करें तो उनका सबसे ज्यादा सालाना पैकेज 52.50 लाख रुपये तक पहुंचा। वहीं, टॉप 25 प्रतिशत छात्रों को औसतन 24.83 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला।
प्लेसमेंट में शामिल छात्रों में 72.83 प्रतिशत फ्रेशर्स थे, जबकि 42.93 प्रतिशत छात्राएं थीं। यह आंकड़े संस्थान में बढ़ती विविधता और महिला भागीदारी को भी दर्शाते हैं।
इस प्लेसमेंट में इस बार करीब 60 कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा लिया और छात्रों को जॉब ऑफर दिए।
IIM रांची का यह प्लेसमेंट सीजन छात्रों के लिए सुनहरा अवसर साबित हुआ है और आने वाले समय में संस्थान से और भी बेहतर परिणामों की उम्मीद की जा रही है।