उत्तर भारत में सर्दी विदाई के मुहाने पर खड़ी है, लेकिन सुबह-शाम अभी बच कर रहना होगा। दिन में दक्षिण-पश्चिम से आ रही हवाओं और अच्छी धूप निकलने से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन में मौसम काफी सुहावना प्रतीत हो रहा है। इधर, पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। 16 फरवरी तक बैक टू बैक विक्षोभ के आने से मौसम खराब रहेगा और लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। उधर, तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूर्वोत्तर और पश्चिम के हिस्सों पर गर्मी के संकेत मिल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में हवाओं की गति अच्छी है, लेकिन सर्दी का ग्राफ कम होता जा रहा है। सुबह से निकल रही धूप के कारण दिन में तापमान बढ़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, जिससे सर्दी का असर काफी कम हो गया है। अगर, सुबह-शाम को छोड़ दें तो दिन में तपिश महसूस हो रही है। हालांकि, सुबह अभी गलन महसूस हो रही है। उधर, मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन मौसम में थोड़ा सा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। नया पश्चिमी विक्षोभ आने से भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य में अब तापमान में बढ़ोतरी से सर्दी का सितम कम हो चला है।
राजस्थान में अगले 3 दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदल सकता है। कई हिस्सों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, जिससे कुछ इलाकों में बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि, अधिकांश हिस्से शुष्क रहेंगे। आईएमडी ने बताया कि धीरे-धीरे तापमान में सुधार हो रहा है, जिसकी वजह से दिन में गर्मी के संकेत हैं तो सुबह-शाम सर्दी पड़ने का अनुमान है। उधर, बिहार के अधिकांश जिलों में कोहरा और शीतलहर का असर खत्म हो गया है। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा और गर्मी के संकेत मिलने लगेंगे।
दिल्ली-एनसीआर से लगातार सर्दी का ग्राफ कम होता जा रहा है। सुबह से सूरज के दर्शन होने के साथ ठंडी से राहत मिल रही है, लेकिन दिन में मौसम गर्म होता जा रहा है। आईएमडी ने बताया कि अगले सप्ताह तक तापमान काफी कम होगा और सुबह-शाम की गुलाबी के अलावा दिन राहत भरे रहेंगे। फिलहाल, अगले 24 घंटे तक 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से पॉल्यूशन के स्तर पर कमी आ सकती है। हालांकि, 16 फरवरी से एक नये वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी हो सकती है। कमोबेश ऐसा ही मौसम नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद एवं गुरुग्राम में रिकॉर्ड किया जाएगा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है, जिसके कारण एक निम्न दबाव क्रिएट होगा, जो डिप्रेशन में बदल जाएगा। इसका असर केरल के दक्षिणी हिस्सों और तमिलनाडु रहेगाा, जिसके कारण दोनों ही राज्यों में बारिश की संभावना है। 13 फरवरी को अंडमान और अरुणाचल के ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
आईएमडी ने बताया दो नए पश्चिमी विक्षोभ 13 फरवरी से 16 फरवरी के बीच पहाड़ों पर एक्टिव होंगे, जिसके प्रभाव से पहाड़ों पर बारिश और हल्की बर्फबारी की गतिविधियां हो सकती हैं। खासकर, उत्तराखंड के चमोली, रूद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में हल्की बारिश एवं बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम का अधिक प्रभाव नहीं रहेगा। लेकिन, केदारनाथ में -15 डिग्री, बद्रीनाथ में -16 डिग्री, गंगोत्री में -12 डिग्री, हेमकुंड में -10 डिग्री, यमुनोत्री में -12 डिग्री और आदि कैलाश में -20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है, जिससे अभी कड़ाके की ठंड का असर बरकरार रहेगा।
हिमाचल प्रदेश अगले 3 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से बादल आ जा सकते हैं। अधिकतम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। आईएमडी के मुताबिक, 16 फरवरी से एक नया पश्चिमी आएगा, जिसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों पर बारिश-बर्फबारी मौसम को खराब कर सकती है। अगले कई दिनों तक दिन में हवाएं चलने से ठंड महसूस की जाएगी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से काफी राहत महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों तक लाहौल स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी और चंबा समेत कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस की श्रेणी में बने रहने के साथ कोहरा छाया रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में आज से एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बादल छाए हुए हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ घंटों तक रुक-रुक कर हल्की बारिश आती जाती रहेगी और कई हिस्सों पर बर्फबारी जारी रहेगी। वहीं, 14 से 16 तक घाटी में तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहने से कड़ाके की सर्दी का अनुमान है। 13 फरवरी से 16 फरवरी के बीच एक्टिव रहने वाले विक्षोभ के कारण हल्की बारिश एवं बर्फबारी परेशान कर सकती है। निचले इलाकों में बारिश नहीं होगी, लेकिन बादल छाए रहने और कोहरे-शीतलहर की संभावना बनी रहेगी।