नई दिल्ली : नवी मुंबई में नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न करने मामले में एक आईपीएस ऑफिसर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक 6 महीने पहले एक बर्थडे पार्टी में आईपीएस ऑफिसर ने 17 वर्षीय लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया था जिसपर अब गुरुवार को मामला दर्ज किया गया है।
तलोजा पुलिस ने डीआईजी (मोटर ट्रांसपोर्ट) निशिकांत मोरे के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (ए) (यौन उत्पीड़न) और 506 (आपराधिक गतिविधि) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मोरे जो पुणे में पोस्टेड हैं उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत भी धाराएं लगाए गई हैं। स्थानीय पुलिस ने इस बात की जानकारी दी।
आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। पीड़िता के परिजनों के द्वारा दर्ज कराए गए शिकायत के मुताबिक मोरे और लड़की के पिता दोनों दोस्त थे। इसी साल 5 जून को मोरे उसके घर पर बर्थडे पार्टी में आया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि पार्टी में उन्होंने शराब पी थी।
जब पार्टी में केक कटा तो सारे दोस्त और रिश्तेदार लड़की के चेहरे पर केक लगाने लगे उसी दौरान मोरे वहां पर आया और अपनी उंगली से केक निकाल कर उसे खा लिया। उसने कई बार ये हरकतें की, इस बीच वह कई बार उस लड़की को गलत तरीके से छूता जा रहा था। ये पूरा घटनाक्रम एक मोबाइल कैमरे में कैद हो गया है।
जब लड़की के पिता ने अपने दोस्त मोरे को इस बारे में पूछा तो उसने इसे टालना शुरू कर दिया। लड़की के परिजनों ने बताया कि उन्होंने तब से ही मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करानी चाही लेकिन पुलिस हमेशा उसके लिए ढाल बन कर खड़ी होती रही।
एक चश्मदीद गवाह के बयान के आधार पर और वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में केस दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है अभी मामले की जांच जारी है।
Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।