डायबिटीज प्रिवेंशन के लिए क्या है 7A फॉर्मूला, कैसे रखता है शुगर लेवल कंट्रोल, किन बीमारियों से करता है बचाव
7A Formula For Diabetes Prevention: आज के समय में डायबिटीज सिर्फ एक बीमारी नहीं, बल्कि खराब लाइफस्टाइल का नतीजा बन चुकी है। गलत खान-पान, कम एक्टिविटी और बढ़ता तनाव शुगर लेवल को चुपचाप बढ़ा देता है। ऐसे में 7A फॉर्मूला एक आसान और वैज्ञानिक तरीका है, जो डायबिटीज से बचाव के साथ-साथ शुगर को कंट्रोल करने में मदद करता है। आइए जानते है कैसे कैसे छोटी-छोटी आदतें अपनाकर आप कई बड़ी बीमारियों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।
- Authored by: Vineet
- Updated Jan 28, 2026, 04:03 PM IST
7A Formula For Diabetes Prevention: आज के समय में डायबिटीज सिर्फ उम्रदराज लोगों की बीमारी नहीं रह गई है। गलत खान-पान, बैठे-बैठे काम करना, नींद की कमी और तनाव की वजह से युवा भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। जब एक बार शुगर बढ़ने लग जाती है, तो दवाइयों पर निर्भरता बढ़ जाती है और साथ में दिल, किडनी, आंखों और नसों से जुड़ी दिक्कतें भी शुरू हो जाती हैं।
यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट बार-बार कहते हैं कि डायबिटीज का इलाज नहीं, बचाव सबसे सही रास्ता है। नेशनल हेल्थ मिशन ने इसी सोच के साथ डायबिटीज से बचाव के लिए एक खास फॉर्मूला बताया है - 7A फॉर्मूला। यह कोई मुश्किल डाइट या कड़ा नियम नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की ऐसी आदतें हैं जिन्हें अपनाकर शुगर कंट्रोल के साथ कई बीमारियों से बचा जा सकता है। चलिए क्या है 7A फॉर्मूला, कैसे आपकी शुगर को रखता है कंट्रोल और किन बीमारियों को रखता है दूर।
7A फॉर्मूला क्या है (What Is 7A Formula In Hindi)
बता दें कि 7A फॉर्मूला असल में हेल्दी लाइफस्टाइल से जुड़े सात जरूरी कदम हैं। ये आदतें धीरे-धीरे शरीर की इंसुलिन क्षमता को बेहतर बनाती हैं और ब्लड शुगर को संतुलन में रखती हैं। अच्छी बात यह है कि इसे हर उम्र का व्यक्ति आसानी से अपना सकता है।
ए1: स्वस्थ खाने की आदतें
शुगर से बचाव की शुरुआत प्लेट से होती है। ज्यादा तला-भुना, पैकेट वाला और मीठा खाना शरीर में शुगर को तेजी से बढ़ाता है। इसके बजाय घर का सादा खाना, दाल, सब्जी, रोटी और सीमित मात्रा में चावल बेहतर विकल्प हैं। सही खान-पान से न सिर्फ शुगर कंट्रोल रहती है, बल्कि शरीर में एनर्जी भी बनी रहती है।
स्वस्थ खानपान का है बहुत अहम रोल
ए2: अधिक फल और सब्जियों का सेवन
फल और सब्जियों में मौजूद फाइबर शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने में मदद करता है। रोज 2–3 मौसमी फल और हरी सब्जियां खाने से पेट भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। इससे वजन भी कंट्रोल में रहता है, जो डायबिटीज से बचाव के लिए बहुत जरूरी है।
ए3: हेल्दी बॉडी वेट
बढ़ा हुआ वजन डायबिटीज का बड़ा कारण माना जाता है। पेट के आसपास जमा चर्बी शरीर में इंसुलिन को सही से काम नहीं करने देती। अगर वजन थोड़ा-सा भी कम हो जाए तो शुगर लेवल में साफ फर्क दिखने लगता है। इसलिए वजन को काबू में रखना 7A फॉर्मूले का अहम हिस्सा है।
ए4: एक्टिव जीवनशैली
डायबिटीज से बचने के लिए घंटों जिम जाना जरूरी नहीं है। रोज 30 मिनट तेज चलना, योग या हल्की-फुल्की एक्सरसाइज भी काफी असर दिखाती है। एक्टिव रहने से शरीर शुगर को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करता है और दिल भी मजबूत रहता है।
ए5: ज्यादा चीनी और मीठे से परहेज
हम में से ज्यादातर लोग इस बात से अनजान हैं कि मिठाई, कोल्ड ड्रिंक और मीठे पेय सीधे ब्लड शुगर को बढ़ाते हैं। अगर रोज-रोज मीठा खाने की आदत है तो शुगर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है। बेहतर है कि मिठास के लिए फल या सीमित मात्रा में प्राकृतिक विकल्प चुने जाएं।
ए6: तंबाकू और शराब से दूरी
बता दें कि सिगरेट, गुटखा और ज्यादा शराब पीने से शरीर में सूजन बढ़ती है और डायबिटीज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ये आदतें शुगर के साथ-साथ दिल और किडनी को भी नुकसान पहुंचाती हैं। 7A फॉर्मूले में इन्हें छोड़ना बेहद जरूरी माना गया है।
अब डायबिटीज से बचाव होगा आसान
ए7: रेगुलर हेल्थ चेकअप
कई बार ऐसा होता है कि शुगर धीरे-धीरे बढ़ती है और इसका पता ही नहीं चलता। ऐसे में नियमित ब्लड शुगर टेस्ट कराने से समय रहते खतरे को पहचाना जा सकता है। शुरुआती स्टेज पर ध्यान देने से दवाइयों की जरूरत भी कम पड़ती है।
7A फॉर्मूला क्यों अपनाएं?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक 7A फॉर्मूला कोई एक दिन का उपाय नहीं, बल्कि हेल्दी जिंदगी का तरीका है। अगर इसे ईमानदारी से अपनाया जाए तो शुगर कंट्रोल में रहती है और भविष्य में होने वाली कई गंभीर बीमारियों से बचाव हो सकता है।
