Times Now Navbharat
live-tv
Premium

इंदिरा से रेहान तक: गांधी परिवार में कई बार खिले 'मोहब्बत के फूल', खूब चर्चा में रहीं ये शादियां

Gandhi Family Love Marriages: गांधी परिवार में प्रेम विवाह का इतिहास करीब 84 साल पुराना है। देश के राजनीतिक गलियारे में आज भी इस परिवार की प्रेम कहानियों की चर्चा होती ही रहती है। आइए डालते हैं नजर देश के सबसे मशहूर परिवार में हुए प्रेम विवाहों पर:

Image
इंदिरा से रेहान तक: गांधी परिवार में कई बार खिले 'मोहब्बत के फूल', खूब चर्चा में रहीं ये शादियां

Raihan Vadra Aviva Baig Engagement: वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा(Robert Vadra) के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है। इस खुशखबरी को कपल ने खुद इंस्टाग्राम के जरिए साझा किया। दोनों ने सगाई की तस्वीरें पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी इंगेजमेंट 29 दिसंबर 2025 को हुई है। तस्वीरों में रेहान और अवीवा बेहद खुश नजर आ रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने बेटे को सगाई की शुभकामनाएं देते हुए लिखा- आप दोनों को बहुत सारा प्यार। आप दोनों हमेशा एक दूसरे से प्यार और सम्मान करते रहें, और हमेशा वैसे ही सबसे अच्छे दोस्त बने रहें जैसे आप 3 साल की उम्र से हैं।

रेहान के पिता रॉबर्ट वाड्रा ने भी बेटे की सगाई की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। वह रेहान की सगाई पर भावुक संदेश पोस्ट करते हुए कहा कि उनका बेटा अब बड़ा हो गया है और उसे अपनी जीवनसंगिनी मिल गई है। उन्होंने रेहान के सुखद और खुशहाल जीवन की कामना की।

कौन हैं रेहान वाड्रा की पत्नी अवीवा (Who is Aviva Baig)

अवीवा बेग दिल्ली के एक प्रतिष्ठित और प्रभावशाली बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता इमरान बेग एक सफल व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां नंदिता बेग देश की जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। नंदिता बेग ने कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ के इंटीरियर डिजाइन का जिम्मा भी संभाला था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नंदिता बेग और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच पुरानी दोस्ती है। ये पुरानी दोस्ती अब रिश्तेदारी में बदल चुकी है।

6

रेहान वाड्रा और अवीवा वेग (Source: Raihan Vadra Insta)

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो प्रियंका गांधी के बेटे रेहान और अवीवा पिछले सात साल से एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं। सगाई हो गई है लेकिन अभी शादी की तारीख सामने नहीं आई है। मीडिया से सोशल मीडिया तक में इस शादी को लेकर खूब चर्चा है।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब प्रियंका गांधी के परिवार में किसी की मोहब्बत मुकम्मल अंजाम तक पहुंच रही है। गांधी परिवार में प्रेम विवाह का इतिहास करीब 84 साल पुराना है। देश के राजनीतिक गलियारे में आज भी इस परिवार की प्रेम कहानियों की चर्चा होती ही रहती है। आइए डालते हैं नजर देश के सबसे मशहूर परिवार में हुए प्रेम विवाहों पर:

Indira - Feroz Gandhi: परिवार की राय को दरकिनार कर इंदिरा ने फिरोज से रचाया ब्याह

नेहरू परिवार में सबसे पहले प्रेम विवाह का बीज बोया था इंदिरा गांधी ने। इंदिरा ने साल 1942 को फिरोज गांधी से ब्याह रचाया था। फिरोज गांधी पारसी थे। अलग धर्म और सामाजिक पृष्ठभूमि के कारण दोनों की शादी का उस दौर में काफी विरोध हुआ। लोगों ने इलाहाबाद में आनंद भवन के सामने खूब हंगामा मचाया।

इंदिरा को शादी के लिए घरवालों को मनाने के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। पिता जवाहरलाल नेहरू का मानना था कि फिरोज उनकी बेटी इंदिरा के लिए सुयोग्य नहीं हैं। इंदिरा गांधी की जीवनी में कैथरीन फ्रैंक ने लिखा है- दूसरे पिताओं की तरह नेहरू भी अपनी बेटी को खोना नहीं चाहते थे। पत्नी कमला नेहरू भी अपनी मृत्यु-शैया पर इंदिरा और फिरोज की शादी के बारे में अपना गहरा संदेह व्यक्त कर चुकी थीं। कमला की नजर में फिरोज़ अस्थिर और भरोसेमंद शख्स नहीं थे।

8

इंदिरा और फिरोज गांधी की शादी (फोटो सोर्स - Wikimedia Commons)

वहीं इंदिरा गांधी की दोनों बुआ, कृष्णा और विजयलक्ष्मी भी इंदिरा के इस फैसले से सहमत नहीं थीं। बावजूद इसके इंदिरा फिरोज गांधी से शादी के अपने फैसले पर अडिग रहीं। परिवार और समाज की इन सब मुश्किलों से पार पाते हुए इंदिरा गांधी ने 26 मार्च 1942 को फिरोज गांधी से शादी रचाई। शादी आनंद भवन से हुई। शादी में कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हुए।

Sonia - Rajiv Gandhi: जब राजीव गांधी को सात समुंदर पार मिला प्यार

इंदिरा गांधी के बड़े बेटे राजीव ने भी प्रेम विवाह किया। सोनिया और राजीव गांधी की पहली मुलाकात साल 1965 में हुई थी। उस समय सोनिया इटली से आकर कैंब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं और खर्च चलाने के लिए एक रेस्टोरेंट में पार्टटाइम काम करती थीं। वहीं राजीव गांधी अपने दोस्तों के साथ अकसर वहां आते थे। एक दिन हंसी-मजाक और बातचीत के बीच सोनिया और राजीव की नजरें मिलीं और यही पल दोनों के दिलों में खास जगह बना गया।

पहली मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती बढ़ने लगी। पढ़ाई, घूमना और लंबी बातचीत उनके रिश्ते को और गहरा करती चली गई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। सोनिया उस वक्त यह नहीं जानती थीं कि राजीव भारत के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। जब उन्हें इस सच्चाई का पता चला, तब भी उनके जज़्बात नहीं बदले।

Gandhi family love stories

राजीव और सोनिया गांधी (फोटोज - सोशल मीडिया)

सोनिया इटली के एक साधारण क्रिश्चियन परिवार से थीं और आत्मनिर्भर स्वभाव की थीं। राजीव के प्यार ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने अपने परिवार को खत लिखकर इस रिश्ते के बारे में बताया। खत में उन्होंने लिखा कि वह एक भारतीय लड़के से प्यार करती हैं, जो खेलों का शौकीन है और जिसकी नीली आंखें उन्हें किसी सपनों के राजकुमार जैसी लगती हैं। हालांकि सोनिया के घरवालों को शरुआत में बेटी का फैसला सही नहीं लगा।

तीन साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 25 फरवरी, 1968 को सोनिया और राजीव ने शादी कर ली।

Priyanka Gandhi - Robert Vadra: प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा की लव स्टोरी

प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की लव स्टोरी बॉलीवुड फिल्मों से कम नहीं। दोनों की पहली मुलाकात तब हुई जब प्रियंका महज 13 साल की थीं। यह मुलाकात दिल्ली में एक कॉमन फ्रेंड के घर पर हुई। दोनों दिल्ली के प्रतिष्ठित ब्रिटिश स्कूल में साथ पढ़ते थे। प्रियंका देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से थीं, जबकि रॉबर्ट एक बिजनेसमैन फैमिली से।

रॉबर्ट को प्रियंका की सादगी और स्वाभाविक व्यवहार बेहद पसंद आया। खुद एक इंटरव्यू में रॉबर्ट वाड्रा ने बताया था कि प्रियंका उन्हें बिल्कुल सामान्य तरीके से मिलती थीं, जैसे किसी आम दोस्त से। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। बकौल रॉबर्ट वे नहीं चाहते थे कि उनके रिश्ते की चर्चा हो, क्योंकि लोग इसे गलत समझकर अफवाहें फैलाते।

प्रियंका ने भी एक इंटरव्यू में कहा था, 'जब मैं रॉबर्ट से पहली बार मिली तो सिर्फ 13 साल की थी। वे मुझे वैसा ही ट्रीट करते थे जैसे अपने दूसरे दोस्तों को। यही बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद आई।'

9

प्रियंका गांधी और बॉबर्ड वाड्रा (Photo: Priyanka Gandhi Insta)

शादी के लिए दोनों तैयार हुए तो परिवारों से मिले। रॉबर्ट के पिता शुरू में इस रिश्ते से खुश नहीं थे, लेकिन बाद में मान गए। आखिरकार 18, फरवरी 1997 में दोनों ने शादी कर ली।

प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की दो संतान हैं। बेटी का नाम मिराया तो बेटे का रेहान है। अब रेहान के सिर पर सेहरा सजने वाला है। वह भी अपने पापा मम्मी की तरह अपनी शादी के साथ ही अपनी मोहब्बत को मुकम्मल करने जा रहे हैं।

नए साल 2026 की ढेरों शुभकामनाएं। हमारे साथ देखें नए साल के खास बधाई संदेश, नए साल के संस्कृत शुभेच्छा संदेश, घर के बड़ों को हैपी न्यू ईयर कैसे कहें, न्यू ईयर विशेज फॉर हस्बैंड, वाइफ, बॉस, लव, नए साल के मोटिवेशनल बधाई संदेश, नए साल की देशभक्ति भरी विशेज। पढ़ें हैपी न्यू ईयर का जवाब कैसे दें। साथ ही देखें आज का राशिफल

End of Article