ट्रेनिंग, होटलरूम और धमकी... कौन हैं अंकुश भारद्वाज, 17 साल की शूटर पर यौन शोषण का लगा आरोप; NRAI ने किया सस्पेंड
- Edited by: Piyush Kumar
- Updated Jan 8, 2026, 02:38 PM IST
Ankush Bharadwaj: नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर 17 साल की राष्ट्रीय महिला निशानेबाज ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर फरीदाबाद में POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि कोच ने खेल चर्चा के बहाने होटल बुलाकर गलत हरकत की और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए NRAI ने अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया है। जांच पूरी होने तक उन्हें किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर लगा नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप।(फोटो सोर्स: अंकुश भारद्वाज इंस्टाग्राम)
Ankush Bharadwaj: नेशनल पिस्टल कोच अंकुश भारद्वाज पर एक 17 साल की राष्ट्रीय स्तर की महिला निशानेबाज के साथ यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कोच के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इतना ही नहीं, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया है। मंगलवार (6 जनवरी 2025) को 17 साल की नेशनल महिला शूटर के परिवार ने नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराई।
क्या है मामला?
शिकायत में कहा गया है कि कोच ने 17 साल की महिला शूटर को खेल के बारे में चर्चा करने के बहाने फरीदाबाद के एक होटल में बुलाया। पहले कोच ने उसे होटल की लॉबी में मिलने को कहा, लेकिन फिर दबाव डालकर उसे अपने कमरे में बुला लिया और वहां उसके साथ गलत काम किया।
आरोप लगाया गया कि अगर शूटर ने इस घटना के बारे में किसी को बताया, तो कोच ने उसका करियर बर्बाद करने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि एथलीट सदमे की हालत में होटल से चली गई और बाद में अपने परिवार को इस बारे में बताया।
इस घटना के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन (NRAI) के सचिव पवन कुमार सिंह ने कहा है कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, कोच अंकुश भारद्वाज सस्पेंड रहेंगे और उन्हें कोई काम नहीं दिया जाएगा।
POCSO के तहत भी मामला दर्ज
अंकुश भारद्वाज के खिलाफ NIT फरीदाबाद के महिला पुलिस स्टेशन में प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस (POCSO) एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
कौन हैं अंकुश भारद्वाज ?
अंकुश भारद्वाज भारतीय निशानेबाजी जगत में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने 2008 के राष्ट्रमंडल युवा खेलों में 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था और बाद में कोचिंग के क्षेत्र में आ गए।
विवादों का रहा पुराना नाता
2010 में बीटा ब्लॉकर्स के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद भारतीय खेल प्राधिकरण ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस समय उन्होंने इस आरोप का कारण हल्के सिरदर्द के लिए ली गई दवा को बताया था और दावा किया था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि इससे परीक्षण परिणाम प्रभावित होगा।
2012 में उन्होंने खेल में वापसी की और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते। वर्तमान में वो भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ द्वारा नियुक्त 13 राष्ट्रीय पिस्टल प्रशिक्षकों में से एक हैं। उनकी शादी दो बार की ओलंपियन अंजुम मौदगिल से हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।