क्या उपचुनावों के नतीजे बदलेंगे सियासी समीकरण
By-election Results Analysis: देश के सात राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरणों और बदलते जनमत का संकेत दिया है। बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बीच घोषित इन उपचुनावों ने कई जगह सत्ताधारी दलों के लिए चिंता बढ़ाई, तो कुछ दलों के लिए अप्रत्याशित राहत भी लेकर आए। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और तेलंगाना जैसे राज्यों के नतीजों ने यह साफ किया है कि स्थानीय मुद्दों और नेतृत्व की विश्वसनीयता ने मतदाता की प्राथमिकता को गहराई से प्रभावित किया है।
अंता में कांग्रेस की शानदार जीत ने राजस्थान की राजनीति में नई ऊर्जा भर दी है। 2023 के विधानसभा चुनाव में जहां यह सीट भाजपा के पास थी, वहीं उपचुनाव में कांग्रेस ने तीन गुना बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चौंका दिया। सबसे अहम बात यह रही कि अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक मंच पर आए, जिसका सकारात्मक असर मतदाताओं पर स्पष्ट दिखा।
भाजपा के लिए यह हार बड़ा सवाल खड़ा करती है कि सत्ता में होने के बावजूद उसकी चुनावी रणनीति क्यों काम नहीं आई। वसुंधरा राजे और मुख्यमंत्री शर्मा जैसे बड़े नेताओं की मौजूदगी भी पार्टी को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें- दक्षिण में हिट, बिहार में मिस; कांग्रेस का ‘कैश ट्रांसफर’ कार्ड क्यों हुआ फ्लॉप
जम्मू-कश्मीर के उपचुनाव नतीजों ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) को झटका लगा है। बडगाम सीट से PDP के आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने बड़ी जीत दर्ज की, जबकि नगरोटा में भाजपा की देवयानी राणा ने भारी बहुमत से जीतकर पार्टी की पकड़ को मजबूत रखा।
बडगाम सीट मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। इस सीट पर हार ने नेकां के नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती पर सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर, देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद राजनीति में आईं उनकी बेटी देवयानी राणा की जीत यह बताती है कि जम्मू क्षेत्र में भाजपा अभी भी मजबूत स्थिति में है।
जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस ने BRS को भारी झटका दिया है। कांग्रेस के प्रत्याशी नवीन यादव ने 25 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर यह साबित किया कि BRS का शहरी आधार अब पहले जैसा मजबूत नहीं रहा। यह नतीजा खासकर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि जुबली हिल्स को BRS का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता था। इतने बड़े अंतर की हार साफ बताती है कि शहरी मतदाता और युवा वर्ग पार्टी से दूरी बना रहा है।
यह भी पढ़ें- तीन परिवार, तीन चुनावी हार: वह सीटें जहां अंदरूनी कलह ने बिगाड़ दिया राजनीतिक समीकरण
घाटशिला सीट पर झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने भारी अंतर से भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को हराकर अपने पिता रामदास सोरेन की विरासत को आगे बढ़ाया। यह जीत झामुमो के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह साबित करती है कि जनजातीय इलाकों में उसकी पकड़ अब भी मजबूत है। भाजपा ने इस सीट पर लगातार दूसरी बार वही उम्मीदवार उतारे, लेकिन दोनों बार उसे हार का सामना करना पड़ा।
पंजाब की तरनतारन सीट AAP ने सफलतापूर्वक बचाई, जो उसके संगठनात्मक ढांचे की मजबूती दिखाती है। ओडिशा की नुआपाड़ा सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की, वहीं मिजोरम की डम्पा सीट MNF ने अपने नाम की। कुल मिलाकर क्षेत्रीय दल कुछ जगहों पर मजबूत दिखे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा जैसी राष्ट्रीय पार्टियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में असर बनाए रखा।
उपचुनावों के परिणाम यह संकेत देते हैं कि देश में मतदाता अब तेजी से स्थानीय मुद्दों, उम्मीदवार की व्यक्तिगत छवि और नेतृत्व के व्यवहार को अधिक महत्व दे रहे हैं। कहीं कांग्रेस के लिए यह परिणाम संजीवनी साबित हुए, तो कई जगह भाजपा को चेतावनी भी मिली। तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट ने कांग्रेस को नया आत्मविश्वास दिया है और BRS को यह सोचने पर मजबूर किया है कि उसके शहरी समर्थक क्यों दूर हो रहे हैं। ये नतीजे आने वाले विधानसभा चुनावों को रोचक बनाने का संकेत दे रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।