देश

इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार; एक्शन में BCCI

23 अक्टूबर को इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ उस समय कथित छेड़छाड़ की गई जब वे अपने होटल से कैफे जा रही थीं। टीम के सुरक्षा अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच के बाद आरोपी अकील (निवासी: आजादनगर) को गिरफ्तार कर लिया।

indore

इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों से छेड़छाड़ (फोटो- ANI& MP Police)

मध्य प्रदेश के इंदौर में 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब दोनों खिलाड़ी अपने होटल से एक कैफे की ओर जा रही थीं। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने क्या कहा

अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि टीम की दो महिला सदस्यों के साथ रास्ते में अनुचित व्यवहार किया गया। राजेश दंडोतिया ने कहा, “शिकायत मिलने के बाद एक प्राथमिकी दर्ज की गई और गहन रणनीतिक कार्रवाई के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अकील के रूप में हुई है, जो आजादनगर का निवासी है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 74 और 78 के तहत मामला दर्ज किया गया है।”

23 अक्टूबर की है घटना

यह घटना 23 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की सदस्य अपने होटल से कैफे की ओर जा रही थीं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई कमी तो नहीं रही। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता पैदा की है, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम भारत दौरे पर है और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि टीम की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक्शन में BCCI

इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटरों के साथ कथित छेड़छाड़ पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "पूरी घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और हम इसकी निंदा करते हैं। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, हम सभी आवश्यक एहतियात बरतेंगे। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है।"

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमार Author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article