23 तारीख को डेरेक ने लिखी थी ECI को चिट्ठी (फाइल फोटो | PTI)
ECI-TMC MPs Meeting: केंद्रीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को 28 नवंबर 2025 को मुलाकात का समय दे दिया है। यह बैठक नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन, अशोक रोड में सुबह 11 बजे आयोजित होगी।
TMC के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने 23 नवंबर को चुनाव आयोग को पत्र लिखकर पार्टी के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय देने का अनुरोध किया था। इसी पत्र के जवाब में आयोग की ओर से सचिव अश्वनी कुमार मोहल ने आधिकारिक सूचना जारी की है। पत्र में आयोग ने कहा है कि वह राजनीतिक दलों के साथ नियमित और रचनात्मक संवाद को हमेशा महत्व देता है। TMC के अनुरोध पर विचार करते हुए आयोग ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात की स्वीकृति दी है। इस प्रतिनिधिमंडल में एक अधिकृत प्रतिनिधि और चार अन्य सदस्य शामिल होंगे।
साथ ही आयोग ने पार्टी से यह भी अनुरोध किया है कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी सदस्यों के नाम और उनके वाहनों की जानकारी ईमेल के माध्यम से भेज दी जाए, ताकि सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से किया जा सके। चुनाव आयोग ने यह साफ किया है कि वह राजनीतिक दलों के साथ बेहतर समन्वय, संवाद और निर्वाचन से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने के लिए हमेशा तैयार है।
बता दें कि बीते दिनों तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाते हुए कहा था, कि केंद्र सरकार का यह दावा करना कि सांसद निर्वाचन आयोग पर चर्चा नहीं कर सकते, संसद के अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने आगामी शीतकालीन सत्र में ECI पर चर्चा कराये जाने की मांग उठाई है। डेरेक ने बीते बुधवार को ‘ब्लॉगपोस्ट’ में कहा कि पिछले दो सत्रों में विपक्षी दलों ने चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए 100 से अधिक नोटिस दिए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया चर्चा के नियम या नोटिस की शब्दावली को लेकर अड़ियल नहीं बल्कि लचीला है। उन्होंने यह भी कहा था कि, ‘सरकार को तर्कों के पीछे छिपने की बजाय ECI पर पारदर्शी और ईमानदार चर्चा करनी चाहिए।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।