Bihar Election Result: शिवसेना UBT ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना।(फोटो सोर्स: PTI)
Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के परिणाम ने बड़े-बड़े राजनीतिक पंडितों को चौंका कर रख दिया है। बिहारवासियों का जनादेश ने साफ कर दिया है कि वो नीतीश सरकार के कामकाज से और एनडीए सरकार की ओर मिल रही लाभकारी योजनाओं से वो खुश हैं। वहीं, महागठबंधन की चुनावी स्ट्रैटिजी बिहार में पूरी तरह विफल दिखी।
न तो राजद और कांग्रेस में कोई तालमेल बन पाई न ही जनता को तेजस्वी-राहुल की बातों पर ऐतबार हुआ। इस नतीजे ने देशभर के विपक्षी दलों को भी एक बार सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या वाकई बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस को अगवा बनाना सही है या नहीं।
नतीजे पहले से तय थे: शिवसेना
हालांकि, कई विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस चुनाव में भारत निर्वाचन आयोग ने एनडीए सरकार की मदद की है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने अपने मुखपत्र के संपादकीय के माध्यम से भाजपा और भारत निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने दावा किया कि नतीजे “पहले से तय” थे और महाराष्ट्र में जो “पैटर्न” देखा गया था, वही बिहार में भी दोहराया गया है।
शिवसेना ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना
संपादकीय में कहा गया कि बिहार में एनडीए को मिली बड़ी जीत ईवीएम और प्रशासनिक हस्तक्षेप का नतीजा है। यूबीटी ने नीतीश कुमार की सरकार को “कोमा में पड़ी व्यवस्था” बताते हुए तंज कसा कि ऐसी सरकार की जीत लोकतंत्र पर सवाल खड़ा करती है। संपादकीय में यह भी आरोप लगाया गया कि प्रधानमंत्री ने चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में राशि भेजकर मतदाताओं को प्रभावित किया।
बता दें कि नीतीश सरकार ने महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की महिलाओं को 10000 रुपये की वित्तीय सहायता दी है। शिवसेना यूबीटी ने यह भी कहा कि परिणाम जिस तरह आए हैं, वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर अविश्वास बढ़ाते हैं। संपादकीय ने आरोप लगाया कि भाजपा को जेडीयू से अधिक सीटें मिलना इस बात का संकेत है कि आगे चलकर मुख्यमंत्री पद का समीकरण भी बदल सकता है।
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए लेख में सवाल उठाया गया कि “अगर चुनाव का चौकीदार ही चोर की मदद कर रहा हो, तो जनता किस पर भरोसा करे?” संपादकीय ने बिहार के मतदाताओं के फैसले को लोकतंत्र के लिए “खतरे की घंटी” बताया और कहा कि चुनावी प्रक्रिया में जनता के भरोसे की रक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।