मणिपुर का दौरा करेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत
Mohan BhagwatManipur Visit: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत दो साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद 20 नवंबर को पहली बार मणिपुर आयेंगे। संगठन के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। संघ के मणिपुर के सह-सरकार्यवाह तरुण कुमार शर्मा ने PTI को बताया कि तीन दिवसीय प्रवास के दौरान भागवत नागरिकों, उद्यमियों और आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
उन्होंने कहा, 'हमारे सरसंघचालक का राज्य का दौरा संघ के शताब्दी समारोह के सिलसिले में है। वह 20 नवंबर को गुवाहाटी से यहां आ रहे हैं और 22 नवंबर को उनकी वापसी होगी।'
संघ के एक अन्य पदाधिकारी ने बताया कि दो साल पहले हिंसा भड़कने के बाद से भागवत का यह पहला दौरा होगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने आखिरी बार 2022 में राज्य का दौरा किया था।
शर्मा ने बताया कि उनकी यात्रा के कार्यक्रम के तहत प्रमुख नागरिकों, जनजाति समुदाय के प्रतिनिधियों और युवा नेताओं के साथ अलग-अलग संवादात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, 'अपने आगमन के दिन वह इंफाल के कोंजेंग लेइकाई में एक कार्यक्रम में उद्यमियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों से मिलेंगे। 21 नवंबर को भागवत मणिपुर के पहाड़ी इलाकों के आदिवासी नेताओं से मिलेंगे और बातचीत करेंगे।'
यह पूछे जाने पर कि क्या संघ प्रमुख राहत शिविरों का दौरा करेंगे, जहां आंतरिक रूप से विस्थापित लोग पिछले दो वर्षों से रह रहे हैं, तो उन्होंने कहा, 'यह अभी कार्यक्रम में नहीं है। यह दौरा मुख्य रूप से संगठन का आंतरिक हिस्सा है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।