देश

Dogs Killed: 'चुनावी वादा' पूरा करने के लिए 1 हफ्ते में मार दिए गए 500 कुत्ते, इस राज्य में कुत्तों को मारे जाने की घटना से हड़कंप

India Dogs News: तेलंगाना के कामारेड्डी और हनमकोंडा जिलों में हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए किए गए वादे को पूरा करने के प्रयास में 500 से ज्यादा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया है। इस घटना से हड़कंप मच गया है।

dogs (2)

कुत्तों को मारे जाने की घटना से हड़कंप

Stray Dogs Killed: बेशक देशभर में आवारा कुत्तों का आतंक होगा, लेकिन विडंबना देखिए कि कुत्तों का सफाया करने को अब चुनावी वादे हो रहे हैं और उचित कोई समाधान को छोड़ जहर देकर इनको मारा जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट में भी आवारा कुत्तों का केस चल रहा है, लेकिन कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में लेना सही समझा। रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना में आवारा कुत्तों को बड़े पैमाने पर मारे जाने के आरोपों से हड़कंप मच गया है। पिछले एक हफ्ते में कई गांवों में 500 कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया है। हाल ही में हुए ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए ऐसा किया गया है।

पशु कल्याण कार्यकर्ता अडुलापुरम गौतम (35) ने 12 जनवरी को एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि कामारेड्डी जिले के भवानीपेट, पालवंचा, फरीदपेट, वाडी और बंदारमेश्वरपल्ली सहित कई गांवों में आवारा कुत्तों को योजनाबद्ध तरीके से मारा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो-तीन दिनों में लगभग 200 कुत्तों को मार दिया गया है।

गांव के सरपंचों के कहने पर हो रहा खून

शिकायत के मुताबिक, 12 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे गौतम को कुत्तों की बड़े पैमाने पर हत्याओं के बारे में पक्की जानकारी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि ये काम संबंधित गांव के सरपंचों के कहने पर किए गए थे।

पुलिस सूत्रों ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें पांच गांव के सरपंच और एक व्यक्ति किशोर पांढे शामिल है, जिसे हत्याओं को अंजाम देने के लिए हायर किया गया था।

'कई कुत्तों की लाशें पड़ी देखीं...'

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुत्तों को जहरीले इंजेक्शन दिए गए, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि उसी दिन शाम करीब 6 बजे वह और उसका एक दोस्त भवानीपेट गांव गए और एक मंदिर के पास कई कुत्तों की लाशें पड़ी देखीं।

इन हरकतों को जानबूझकर और क्रूर बताते हुए, शिकायतकर्ता ने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शवों को दफनाया गया

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शवों को गांवों के बाहरी इलाकों में दफनाया गया था और बाद में पोस्टमार्टम जांच के लिए पशु चिकित्सा टीमों ने उन्हें बाहर निकाला।

मौत के सही कारणों की जांच

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने PTI को बताया, 'मौत के सही कारण और इस्तेमाल किए गए जहर के प्रकार का पता लगाने के लिए विसरा के सैंपल फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे गए हैं।' उन्होंने आगे कहा कि आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

गांवों के सूत्रों ने PTI को बताया कि कुछ चुने हुए प्रतिनिधियों ने हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के दौरान 'ग्रामीणों से किए गए वादों को पूरा करने' के लिए आवारा कुत्तों को मारा।

सूत्रों ने कहा, 'पिछले साल दिसंबर में हुए चुनावों से पहले, कुछ उम्मीदवारों ने ग्रामीणों से वादा किया था कि वे आवारा कुत्तों और बंदरों की समस्या से निपटेंगे। अब वे आवारा कुत्तों को मारकर उन वादों को पूरा कर रहे हैं।'

PTI के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में पुलिस ने 6 से 9 जनवरी के बीच हनमकोंडा जिले के श्यामपेट और अरेपल्ली गांवों में लगभग 300 आवारा कुत्तों को जहर देने के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया, जिसमें दो महिला सरपंच, उनके पति, ग्राम पंचायत सचिव और किराए पर लिए गए लोग शामिल हैं। हालांकि, अभी तक आरोपी सरपंचों या गांव के प्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

 Nitin Arora
Nitin Arora author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article