Nishant Kumar : बिहार में जनता दल-यूनाइटेड की कमान नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के हाथ में आने वाली है। वह औपचारिक रूप से आठ मार्च को पार्टी में शामिल हो जाएंगे। बिहार छोड़कर राज्यसभा जाने के नीतीश कुमार के फैसले पर पार्टी के कुछ नेता एवं कार्यकर्ता निराश और नाराज हैं जबकि जद-यू का एक बड़ा तबका निशांत के साथ दिखाई दे रहा है। जद-यू का पूरा समर्थन भी निशांत को मिलता दिख रहा है। इस बीच, शनिवार को निशांत की पार्टी के वरिष्ठ नेताएं एवं युवा विधायकों के साथ बैठक हुई। जद-यू के कार्यकारी अध्यक्ष के आवास पर हुई इस बैठक में भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
हम चाहते थे कि पीएम पद से रिटायर हों नीतीश-अखिलेश
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। बिहार के सीएम पद एवं राज्य से उनकी दूरी पर उनके चाहने वाले एवं पार्टी कार्यकर्ता निराश हैं। नीतीश के गांव के एक व्यक्ति ने कहा कि पूरे गांव में दुख का माहौल है। लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार बिहार में ही रहें। वहीं, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि हम चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद की कुर्सी से रिटायर हों लेकिन अब वह राज्यसभा सदस्य के रूप में रिटायर होंगे।
जद-यू पूरी तरह निशांत के साथ
JD(U) नेताओं ने पुष्टि की है कि निशांत कुमार रविवार, 8 मार्च को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) और सांसद संजय झा ने सुझाव दिया था कि निशांत कुमार को राज्य की राजनीति में सक्रिय होना चाहिए। इस प्रस्ताव को पार्टी के नेताओं ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और निशांत कुमार ने भी इसे मंजूरी दे दी।
जद-यू कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया
जद(यू) के विधान परिषद सदस्य और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नाराज नहीं बल्कि भावुक हैं और उन्होंने अपनी भावनाएं बैठक में मुख्यमंत्री के सामने रखी हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा, "मैं हूं न।" इस बीच, दिन में जद(यू) के कार्यालय के बाहर कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टरों पर कालिख पोत दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश के तहत उनके नेता को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है। निशांत कुमार के राजनीति में आने पर जद(यू) के नेताओं ने कहा कि पार्टी जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेगी। उनका कहना है कि निशांत राज्य का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद करना चाहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
