देश

म्यांमार बॉर्डर पर NCB की कार्रवाई, 7.3 किलो हेरोइन जब्त,अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश

पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर, 7 जनवरी 2026 को NCB इंफाल ने इंडो–म्यांमार बॉर्डर के पास एक बोलेरो वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 638 साबुन के डिब्बों में बेहद चालाकी से छिपाई गई 7.312 किलो हेरोइन बरामद की गई।

Myanmar border

म्यांमार बॉर्डर पर एनसीबी की छापेमारी

म्यांमार से भारत में हो रही ड्रग तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। NCB इंफाल जोनल यूनिट ने इंडो–म्यांमार सीमा के पास ऑपरेशन करते हुए 7.312 किलो हाई-ग्रेड हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई में दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे म्यांमार से मणिपुर के रास्ते चल रहे एक बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

NCB के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पारंपरिक तस्करी मार्गों पर सख्ती बढ़ने के बाद ड्रग माफिया अपने रास्ते बदल रहे हैं। अब तस्कर शहरों और हाईवे के बजाय घने जंगलों और नदी मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि पुलिस चेकपोस्ट, सुरक्षा कैंप और शहरी निगरानी से बचा जा सके। यह नया तरीका पूरे नॉर्थ ईस्ट रीजन में लगातार सामने आ रहा है। इसी कड़ी में बीते महीने NCB गुवाहाटी जोनल यूनिट ने मणिपुर के जिरीबाम इलाके से करीब 7 किलो हेरोइन जब्त की थी, जिसने तस्करी के बदलते पैटर्न की पुष्टि की थी। इसके बाद NCB ने सीमा क्षेत्रों में निगरानी और इंटेलिजेंस नेटवर्क को और मजबूत किया।

पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर, 7 जनवरी 2026 को NCB इंफाल ने इंडो–म्यांमार बॉर्डर के पास एक बोलेरो वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर 638 साबुन के डिब्बों में बेहद चालाकी से छिपाई गई 7.312 किलो हेरोइन बरामद की गई। यह खेप म्यांमार के हैचिन शहर से लाई गई थी और इसे मणिपुर के जंगलों के रास्ते आगे सप्लाई किया जाना था। इस ऑपरेशन में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिनखामलियन और मांगबोई सिमटे के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के माटा-मुल्ताम इलाके के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग सीमा पार से ड्रग्स लाने और भारत के अंदर सप्लाई करने वाले नेटवर्क का हिस्सा थे।

NCB अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई हेरोइन की क्वालिटी काफी हाई है और इसका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय ड्रग बाजार में किया जाना था। इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, म्यांमार में सप्लाई चेन कैसे काम कर रही है और भारत के भीतर किन-किन राज्यों में इसकी सप्लाई होनी थी,इन सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है। यह संयुक्त कार्रवाई असम राइफल्स के साथ मिलकर की गई, जिसमें सीमावर्ती इलाकों में सटीक तालमेल देखने को मिला। NCB का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है। दोनों आरोपियों को जब्त हेरोइन के साथ NDPS एक्ट के तहत अदालत में पेश किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अनुज मिश्रा
अनुज मिश्रा author

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं।... और देखें

End of Article