गुजरात: संविधान दिवस पर शुरू हो रही 11 दिनों की 180 किमी लंबी पदयात्रा (फोटो- @Sardar150Yatra)
भारत के युवाओं में देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत करने के लिए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा (‘Sardar@150 Unity March) राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवंबर को शुरू होने जा रही है। यह यात्रा गुजरात के वल्लभ विद्यानगर स्थित शास्त्री मैदान से शुरू होगी और 6 दिसंबर को केवड़िया के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पहुंचेगी। संविधान दिवस के अवसर पर इस यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के तहत किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Ram Mandir Dhwaja: ॐ, सूर्य और कोविदार- राम मंदिर की ध्वजा में क्यों शामिल हैं ये प्रतीक, क्या है इनका अर्थ
प्रधानमंत्री मोदी के विजन से प्रेरित इस पदयात्रा को अनेक प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति में रवाना किया जाएगा। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, और भी केंद्रीय और राज्य स्तर के कई मंत्री, सांसद, विश्वविद्यालयों के कुलपति, पैरालंपिक मेडलिस्ट, पूर्व क्रिकेटर और अन्य सम्मानित व्यक्तित्व शामिल रहेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में एमवाई भारत के स्वयंसेवक और हजारों जोश से भरे युवा भी भाग लेंगे, जिससे पूरे देश में एकता, राष्ट्रभाव और जनसहभागिता का सशक्त संदेश जाएगा। अब तक 613 ज़िलों में 1,422 पदयात्राएं निकाली जा चुकी हैं, जिससे 14.3 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। यह युवाओं की ऐतिहासिक भागीदारी का संकेत है।
11 दिनों में यह पदयात्रा करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। रास्ते में 150 थीमैटिक पड़ाव होंगे, जिन पर प्रदर्शनियां, लोक कला, सरकारी योजनाओं की जानकारी, स्वच्छता अभियान, ग्राम सभाएँ और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर शाम ‘सरदार गाथा’ के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणादायक घटनाएँ सुनाई जाएंगी।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों को खादी पहनने और स्थानीय कारीगरों का समर्थन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महिलाओं के स्वयं सहायता समूह, युवा नवाचार स्टॉल और हस्तकला भी पदयात्रियों का उत्साह बढ़ाएंगे। 6 दिसंबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर राष्ट्रीय समारोह आयोजित होगा, जहां हजारों पदयात्री भारत की एकता के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल को सामूहिक श्रद्धांजलि देंगे। वही नेता, जिन्होंने 562 रियासतों को जोड़कर आधुनिक भारत की नींव रखी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।