देश

Air Traffic: पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने से मुंबई ATC पर बढ़ा विमान यातायात का भार

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद पड़ोसी देश के खिलाफ भारत के कूटनीतिक उपायों पर प्रतिक्रिया में पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को भारतीय एयरलाइन के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Mumbai ATC: पिछले महीने से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदले जाने के बाद मुंबई वायु यातायात नियंत्रण (ATC) को अधिक विमानों के परिचालन को संभालना पड़ रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।मुंबई से यूरोप, उत्तर और दक्षिण अमेरिका जाने वाली उड़ानों के परिचालन के अलावा, एटीसी अब उत्तरी भारत से इन क्षेत्रों की ओर उड़ान भरने वाले विमानों का संचालन भी संभाल रहा है।

पहलगाम हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए थे। जवाबी कार्रवाई के तहत भारत ने भी 30 अप्रैल को पाकिस्तानी एयरलाइन के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।सूत्रों के अनुसार, एक सामान्य दिन में, मुंबई एटीसी विमानों के 950-970 आगमन और प्रस्थान को संभालता है, जिसमें अनिर्धारित उड़ानें भी शामिल हैं। इसके अलावा मुंबई के आसमान से लगभग 2,000 विमान उड़ते हैं।

एक सूत्र ने बताया, 'उत्तर भारत से यूरोप, उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के गंतव्यों के लिए करीब 130 उड़ानें भोपाल-अहमदाबाद-कराची मार्ग से मस्कट जाएंगी और वहां से यूरोप में प्रवेश करेंगी। ये मुंबई हवाई क्षेत्र से नहीं निकलेंगी। अब, पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के बंद होने के बाद, ये सभी उड़ानें मस्कट में प्रवेश करने के लिए अहमदाबाद के रास्ते मुंबई हवाई क्षेत्र में आ रही हैं।'

इसके अलावा, सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया, यूरोप और दक्षिण तथा उत्तरी अमेरिका के लिए दक्षिण पूर्व एशिया से आने वाली करीब 250 उड़ानें भी अब पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से बचने के लिए मुंबई (हवाई क्षेत्र) से गुजर रही हैं।सूत्रों के अनुसार, बुधवार को करीब 25 उड़ान मार्गों के बंद होने के कारण भी यातायात में तेजी आई है, जो विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र के माध्यम से पाकिस्तान में प्रवेश करने की अनुमति देते हैं। मंगलवार और बुधवार की रात को भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे।

सूत्र ने कहा, 'कुछ विदेशी एयरलाइन अब संशोधित उड़ान योजना दाखिल कर रही हैं, जिसके तहत वे इन 25 मार्गों के बंद होने के बाद मुंबई (हवाई क्षेत्र) से उड़ान भर रही हैं।' उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उड़ान भरने वाले चार्टर्ड फ्लाइट संचालक भी मौजूदा स्थिति के कारण पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से बच रहे हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में, कई विदेशी एयरलाइन पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से बच रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article