मुंबई: बीजेपी-शिवसेना के खट्टे-मीठे रिश्तों में एक बार फिर ट्विस्ट आया है। शिवसेना ने अपनी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए कंकावली सीट से उम्मीदवार खड़ा किया है। शिवसेना ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे भाजपा के नितेश राणे के खिलाफ सतीश सावंत को खड़ा किया है। बीजेपी और शिवसेना दोनों गठबंधन में चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी 150 तो शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।
बीजेपी ने गुरुवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस के पूर्व विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे को पार्टी में शामिल किया था। शुक्रवार को उन्होंने कंकावली से नामांकन दाखिल किया। 37 साल के राणे ने 2014 में कंकावली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और 25,000 से अधिक मतों के अंतर से जीते थे।
वहीं नारायण राणे ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिवसेना के साथ की थी, जिसने उन्हें थोड़े समय के लिए मुख्यमंत्री बना दिया था, लेकिन उन्होंने बाद में काफी मनमुटाव के बीच पार्टी छोड़ दी और तब से उनके और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच संबंध बेहतर नहीं हुआ। 1999 में जब मनोहर जोशी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का पद छोड़ा, तब राणे ने उनका स्थान लिया।
राणे जुलाई 2005 तक शिवसेना के सदस्य और विधानसभा के नेता विपक्ष थे। उन्होंने सितंबर 2017 में कांग्रेस छोड़ दी और महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष शुरू किया। 2018 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्थन की घोषणा की और भाजपा के नामांकन पर राज्यसभा के लिए चुने गए।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.