मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा (Maharashtra Assembly elections 2019) के लिए होने वाले मतदान में अब कुछ ही दिन का समय बाकी है ऐसे में कोई भी दल अपने प्रचार अभियान में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहता है। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) सहित कई केंद्रीय मंत्री चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र के जलगांव और सकोली में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
शनिवार को अपने ट्वीटर हैंडल से जानकारी देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'कल महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करूंगा। जलगांव और सकोली में रैलियों को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं। हमारे युवा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अपने कार्यों को लेकर लोगों के बीच जा रही है। हम राज्य की सेवा के लिए पांच और साल चाहते हैं।'
वहीं कांग्रेस सांसद और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज महाराष्ट्र में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। राहुल की पहली जनसभा लातूर में है और उसके बाद वह मुंबई के चांदीवली तथा धारावी में लोगों को संबोधित करेंगे। वहीं कई नेता और केंद्रीय मंत्री भी चुनावी जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को रिझाने की कोशिश करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के महाराष्ट्र में कई कार्यक्रम हैं। सुबह कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने के बाद शाह एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सतारा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे भाजपा अध्यक्ष पुणे में एक रोड सो करेंगे और बाद में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी चुनावी जनसभाओं के जरिए भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेगे।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र की 288 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना है जबकि 24 अक्टूबर को मतगणना होनी है। राज्य में भाजपा और शिवसेना वाले गठबंधन का मुख्य मुकाबला एनसीपी-कांग्रेस के गठबंधन से है।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.