मुंबई : महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नाराणय राणे के बेटे नीतेश राणे (Nitesh Rane) गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से ठीक पहले नीतेश के भाजपा में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले रिपोर्टें यह भी थीं कि राणे शिवसेना में शामिल हो सकते हैं लेकिन उनके भाजपा में शामिल होने के बाद अटकलों पर विराम लग गया है। हाल के दिनों में नीतेश विवादों के चलते सुर्खियों में भी रहे हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। बताया जा रहा है कि नीतेश तटीय कोंकण की कंकावली सीट से चुनाव लड़ेंगे। नीतेश ने 2014 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की टिकट पर सिंधदुर्ग जिले की कंकावली सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा विधायक प्रमोद जातहर को मात दी।
नीतेश के पिता नारायण राणे कांग्रेस छोड़ने के बाद 2017 में महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी नाम से अपना राजनीतिक दल बनाया। इसके बाद उनकी भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ीं। पूर्व मुख्यमंत्री राणे भाजपा के समर्थन से राज्यसभा के सदस्य हैं। अटकलें यह भी थीं कि नीतेश शिवसेना में शामिल होंगे लेकन उन्होंने भगवा पार्टी का दामन थाम लिया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री राणे पहले शिवसेना में थे। साल 2005 में शिवसेना छोड़कर वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
गत जुलाई में नीतेश राणे विवादों में आ गए थे। एक इंजीनियर के साथ राणे और उनके समर्थकों का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में नीतेश के समर्थक उनकी मौजूदगी में इंजीनियर पर गंदा पानी उड़ेलते नजर आए थे। इस घटना के लिए नीतेश की काफी आलोचना हुई।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.