मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की 288 सीटों के लिए सोमवार को वोट डाले गए। कुछ जगहों को छोड़कर पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। मतदान खत्म होने के बाद जारी हुए सभी न्यूज चैनलों के एग्जिट पोल्स में राज्य में एक बार फिर भाजपा-शिवसेना की सरकार को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है। राज्य के ठाणे में एक पोलिंग बूथ पर जमकर हंगामा हुआ।
दरअसल बहुजन समाज पार्टी के नेता सुनील खाम्बे ने विरोध का प्रदर्शन करते हुए EVM पर स्याही फेंक दी। जिसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। ठाणे में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही थी लेकिन इस बीच बसपा नेता सुनील कांबे पोलिंग बूथ में वोट डालने पहुंचे और पोलिंग बूथ से बाहर निकलते ही कांबे ईवीएम पर स्याही फेंकने लगे। इस दौरान कांबे ने 'ईवीएम मुर्दाबाद' और 'ईवीएम नहीं चलेगा' के नारे भी लगाए।
विधानसभा चुनावों में शाम छह बजे मतदान समाप्त होने तक 60.46 फीसदी वोट पड़े। चुनाव आयोग की मानें तो मतदान के अंतिम आंकड़े बढ़ सकते हैं और ये मंगलवार को उपलब्ध होंगे। वर्ष 2014 में हुए विधानसभा चुनावों में राज्य में 63.38 फीसदी मतदान हुआ था।
महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियों ने भी कतार में खड़े होकर मतदान किया। फिल्मी सितारों में शाहरूख खान, सलमान खान, रितिक रोशन, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्य रॉय, जया बच्चन, माधुरी दीक्षित, करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया सहित कई सितारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल सहित तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्य में कुल 4698 ईवीएम- वीवीपैट मशीनों, 665 बैलट इकाइयां, 596 नियंत्रण इकाइयां और 3437 केवल वीवीपैट मशीनों में खराबी आईं। ईवीएम में खराबी की कुल 361 शिकायतें दर्ज कराई गईं जिनमें 152 कांग्रेस ने और 89 शिकायतें शिवसेना ने कीं।
Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।