दक्षिण भारत की रफ्तार बढ़ाएगा ‘अमृत काल’ का तोहफा, केरल को मिलेंगी 3 नई अमृत भारत एक्सप्रेस, PM Modi देंगे हरी झंडी
- Authored by: भावना किशोरEdited by: अमित कुमार मंडल
- Updated Jan 20, 2026, 09:13 PM IST
रेलवे बोर्ड के आदेशों के मुताबिक, जिन तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी मिली है, वे तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ेंगी। ये ट्रेनें न सिर्फ दूरी घटाएंगी, बल्कि दक्षिण भारत में तेज, सुरक्षित और किफायती यात्रा का नया अध्याय लिखेंगी।
केरल को मिलेंगी 3 अमृत भारत ट्रेन
Kerala To Get 3 Amrit Bharat Express Trains: केरल और पूरे दक्षिण भारत के लिए 23 जनवरी 2026 एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। भारतीय रेलवे आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केरल को रेलवे कनेक्टिविटी की तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को सुबह 10:45 बजे तिरुवनंतपुरम से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी कार्यक्रम में त्रिशूर–गुरुवायुर पैसेंजर ट्रेन का भी शुभारंभ होगा, जिससे रोज़मर्रा के यात्रियों को सीधा और बड़ा फायदा मिलेगा।
कई प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ेंगी ये ट्रेनें
रेलवे बोर्ड के आदेशों के मुताबिक, जिन तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी मिली है, वे तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ेंगी। ये ट्रेनें न सिर्फ दूरी घटाएंगी, बल्कि दक्षिण भारत में तेज, सुरक्षित और किफायती यात्रा का नया अध्याय लिखेंगी। नागरकोइल–मंगलुरु जंक्शन अमृत भारत एक्सप्रेस केरल को कर्नाटक से सीधी रेल कड़ी देगी, जबकि चारलापल्ली (हैदराबाद)–तिरुवनंतपुरम नॉर्थ अमृत भारत एक्सप्रेस चार राज्यों को जोड़ने वाली एक अहम लंबी दूरी की सेवा बनेगी। वहीं तांबरम–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अमृत भारत एक्सप्रेस तमिलनाडु और केरल के बीच यात्रा को और तेज, सुगम और आरामदायक बनाएगी।
बेहतर सीटिंग, आधुनिक लाइटिंग, साफ-सफाई
इन ट्रेनों में अमृत भारत रेक, बेहतर सीटिंग, आधुनिक लाइटिंग, साफ-सफाई, CCTV निगरानी और किफायती किराया जैसी सुविधाएं होंगी। रेलवे का कहना है कि इन सेवाओं से पर्यटन, व्यापार और रोज़गार को भी नई रफ्तार मिलेगी। गौरतलब है कि 17 और 18 जनवरी को देशभर में 9 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की जा चुकी हैं, और अब केरल को मिली यह नई सौगात साफ संकेत है कि भारतीय रेलवे दक्षिण भारत को विकास की मुख्यधारा में और मजबूती से जोड़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अमृत भारत एक्सप्रेस सिर्फ ट्रेन नहीं, बल्कि आम यात्रियों के लिए बदलाव की पटरी पर दौड़ता हुआ भविष्य है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार ये ट्रेनें तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। सभी ट्रेनें साप्ताहिक रूप से चलाई जाएंगी और आधुनिक अमृत भारत रेक से लैस होंगी।
1. नागरकोइल–मंगलुरु जंक्शन अमृत भारत एक्सप्रेस- यह ट्रेन केरल को कर्नाटक से सीधे जोड़ेगी।
रूट: नागरकोइल - मंगलुरु जंक्शन
प्रमुख स्टॉपेज (कुल 17): तिरुवनंतपुरम सेंट्रल, वर्कला शिवगिरी, कोल्लम, करुनागपल्ली, कायमकुलम, मावेलिकारा, चेंगन्नूर, तिरुवल्ला, चंगनास्सेरी, कोट्टायम, एर्नाकुलम टाउन, अलुवा, त्रिशूर, शोरानूर, तिरूर, कोझिकोड, थलास्सेरी, कन्नूर, कासरगोड
फ्रीक्वेंसी: नागरकोइल से: मंगलवार
मंगलुरु जंक्शन से: बुधवार
2. चारलापल्ली–तिरुवनंतपुरम नॉर्थ अमृत भारत एक्सप्रेस - यह ट्रेन तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल को जोड़ने वाली लंबी दूरी की अहम सेवा होगी।
रूट:चारलापल्ली (हैदराबाद) तिरुवनंतपुरम नॉर्थ
प्रमुख स्टॉपेज (कुल 24): नलगोंडा, मिर्यालगुडा, सत्तेनापल्ली, गुंटूर, तेनाली, बापटला, ओंगोल, नेल्लोर, रेनीगुंटा, तिरुत्तानी, कटपाडी, जोलारपेट्टई, सलेम, इरोड, तिरुप्पुर, कोयंबटूर, पलक्कड़, त्रिशूर, अलुवा, एर्नाकुलम टाउन, कोट्टायम, चंगनास्सेरी, तिरुवल्ला, चेंगन्नूर, मावेलिकारा, कायमकुलम, करुनागपल्ली, कोल्लम, वर्कला शिवगिरी
फ्रीक्वेंसी: चारलापल्ली से: मंगलवार
तिरुवनंतपुरम नॉर्थ से: बुधवार
3. तांबरम–तिरुवनंतपुरम सेंट्रल अमृत भारत एक्सप्रेस - यह ट्रेन तमिलनाडु और केरल के बीच यात्रा को और तेज व सुविधाजनक बनाएगी।
रूट: तांबरम - तिरुवनंतपुरम सेंट्रल
प्रमुख स्टॉपेज (कुल 14): चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, वृद्धाचलम, अरियालूर, श्रीरंगम, तिरुचिरापल्ली, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर, कोविलपट्टी, सत्तूर, तिरुनेलवेली, वल्लियूर, नागरकोइल टाउन, कुलित्तुरई
फ्रीक्वेंसी: तांबरम से: बुधवार
तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से: गुरुवार
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी ट्रेनें
तीनों ट्रेनों में अमृत भारत रेक, बेहतर सीटिंग, साफ-सफाई, आधुनिक लाइटिंग और सुरक्षित यात्रा की सुविधाएं होंगी। रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों का संचालन जल्द ही एक सुविधाजनक तिथि से शुरू किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर इन्हें विशेष उद्घाटन सेवा के रूप में भी चलाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।