23 नवंबर को सीजेआई पद से रिटायर हुए जस्टिस बीआर गवई। तस्वीर-PTI
Justice BR Gavai : जस्टिस सूर्यकांत ने सोमवार को देश के प्रधान न्यायाधीश पद की शपथ ली। इस समारोह में निवर्तमान सीजेआई जस्टिस बीआर गवई भी शरीक हुए लेकिन समारोह स्थल से जब जाने की बारी आई तो जस्टिस गवई ने सादगी की एक बड़ी मिसाल पेश की। दरअसल, समारोह में शामिल होने के लिए जस्टिस गवई सरकारी कार से आए थे। इस कार का इस्तेमाल सीजेआई के आने-जाने के लिए होता है। शपथ ग्रहण समारोह के संपन्न हो जाने पर जस्टिस गवई ने वहां से जाने के लिए इस सरकारी कार का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि इस कार को उन्होंने नए सीजेआई के लिए छोड़ दिया। जस्टिस गवई ने अपने लिए राष्ट्रपति भवन से दूसरी कार ली और फिर वहां से रवाना हुए।
बता दें कि जस्टिस सूर्यकांत ने सोमवार को भारत के 53वें प्रधान न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में न्यायमूर्ति सूर्यकांत को शपथ दिलाई। उन्होंने हिंदी में शपथ ली। न्यायमूर्ति सूर्यकांत को न्यायमूर्ति बी आर गवई के स्थान पर न्यायपालिका के सर्वोच्च पद पर नियुक्त किया गया है। न्यायमूर्ति गवई रविवार को सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति सूर्यकांत को 30 अक्टूबर को अगला प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और वह लगभग 15 महीने तक इस पद पर रहेंगे। वह नौ फरवरी 2027 को 65 वर्ष की उम्र होने पर यह पद छोड़ देंगे।
शीर्ष अदालत में अपने अब तक के कार्यकाल में जस्टिस सूर्यकांत कई अहम फैसलों का हिस्सा रहे हैं। इन फैसलों में अनुच्छेद 370, SIR और पेगासस केस शामिल हैं। आने वाले दिनों में वह संवैधानिक कानून, साइबर लॉ, आपराधिक न्याय एवं चुनावी निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों पर सुनवाई करेंगे। सुप्रीम कोर्ट आने से पहले वह हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। मई 2019 में उनकी नियुक्ति शीर्ष अदालत में हुई। उन्होंने 1981 में हिसार के गवर्न्मेंट पोस्ट ग्रेजुएक कॉलेज से स्नातक और 1984 में रोहतक के महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री ली।
समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भारत के भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह, और दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना सहित अन्य प्रमुख केंद्रीय मंत्री और हस्तियां उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।