नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा (BJP) पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा, 'आज दुनिया में कहा जा रहा है कि जो हिंदुस्तान पूरी दुनिया को रास्ता दिखाता था; मिल-जुलकर रहता था; तेजी से आगे बढ़ता था, उसमें आज जातियां और धर्म आपस में लड़ रहे हैं और हिंदुस्तान की ताकत को मोदीजी ने बर्बाद कर दिया।'
प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी को इकोनॉमिक्स की कोई समझ नहीं है। 2014 के बाद अमेरिका से दो तीन मशहूर अर्थशास्त्री मुझसे मिलने आए। उन्होंने मुझसे कहा कि देखिए राहुल जी, हमने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था का विश्लेषण किया। हम ये समझना चाहते थे कि 2004 से लेकर 2014 तक हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था इतनी तेजी से क्यों बढ़ी? आप हैरान हो जाओगे कि हमें क्या पता लगा। मैंने कहा- क्या पता लगा, वो बोले कि राहुल जी, हिंदुस्तान की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था का कारण मनरेगा और किसान कर्जमाफी योजना है।'
राहुल गांधी ने कहा, 'ये जहाँ भी जाते हैं, एक हिंदुस्तानी को दूसरे से लड़ाने का काम करते हैं। ये हिन्दू को मुस्लिम से; जाट को गैर-जाट से; दक्षिण भारतीयों को उत्तर भारतीयों से लड़ाते हैं। ये देश बंटकर नहीं, एकजुट होकर ही विकास कर सकता है।'
नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी ने नोटबंदी के जरिए गरीबों, मजदूरों, किसानों की जेब से पैसा निकाल लिया। पैसे न होने के कारण आपने सामान खरीदना बंद कर दिया, इससे फैक्ट्रियां ठप्प हो गई। इससे अर्थव्यवस्था की हालत खराब हो गई।'
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.