हरियाणा में हादसे में दो खिलाड़ियों की हुई है मौत। तस्वीर-PTI
Basketball pole accident: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के दो खिलाड़ियों की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है। इस बीच, मृतक बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी के परिवार से आज सुबह साढ़े दस बजे हरियाणा सरकार में खेल मंत्री परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना देंगे। हादसे के बाद सैनी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इन घटनाओं पर राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया और निष्पक्ष, उच्च-स्तरीय जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार पर खेलों और खिलाड़ियों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाया।
सीएम सैनी ने कहा है कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार परिवारों के साथ है। सीएम ने खेल उपकरणों की खराब स्थिति पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने खेल परिसरों के संपूर्ण निरीक्षण के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खेल विभाग को मरम्मत व रखरखाव मजबूत करने की जरूरत है। इसे लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
हरियाणा के रोहतक और बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल कोर्ट में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में बास्केटबॉल ‘हूप’ का लोहे का खंभा गिरने से राष्ट्रीय स्तर के एक खिलाड़ी और एक अन्य किशोर की मौत हो गई। विपक्षी दलों ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और राज्य में खेल ढांचा चरमराने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संवाददाताओं से कहा कि वह पहले मामलों से जुड़ी सभी जानकारियां लेंगे, तब कोई टिप्पणी करेंगे।
रोहतक में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी (16) की कोर्ट में अभ्यास के दौरान छाती पर बॉस्केटबॉल हूप का लोहे का खंभा गिर जाने से मौत हो गई, वहीं पड़ोसी झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में 15 साल का अमन ऐसी ही एक घटना में घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को रोहतक में घटी यह दुखद घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस फुटेज में सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग ले चुके हार्दिक को हूप तक पहुंचने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। हूप से लटकने के ऐसे ही एक प्रयास में उसके ऊपर खंभा गिर गया।
लखन माजरा गांव में कोर्ट के पास खेल रहे अन्य खिलाड़ियों ने हार्दिक को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मृत्यु हो गई। स्थानीय थाना प्रभारी समरजीत सिंह ने यह जानकारी दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।