देश

'विस्फोटक बनाने, गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला कंटेंट न दिखाएं', निजी टीवी चैनलों को सरकार का परामर्श

सभी निजी टीवी चैनलों को जारी परामर्श में कहा गया, ‘मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार चैनल लाल किला के नजदीक विस्फोट में कथित रूप से शामिल लोगों से संबंधित सामग्री प्रसारित कर रहे हैं, उनके हिंसात्मक कृत्यों को उचित ठहरा रहे हैं, साथ ही विस्फोटक सामग्री बनाने के बारे में सूचनात्मक वीडियो भी प्रसारित कर रहे हैं।’

Delhi blast

लाल किले के पास बीते 10 नवंबर को हुआ था विस्फोट। तस्वीर-पीटीआई

Government Advisory to TV Channels: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को सभी निजी टेलीविजन चैनलों को ऐसे दृश्यों का प्रसारण न करने की सलाह जारी की, जो गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देते हों या सहायता प्रदान करते हों। यह परामर्श ऐसे समय में जारी किया गया है जब कुछ टेलीविजन चैनलों पर हाल में दिल्ली में लाल किले के निकट हुए विस्फोट के बाद विस्फोटक बनाने से संबंधित रिपोर्ट प्रसारित की गई थी। इस धमाके में 13 लोग मारे गए थे।

'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं ऐसे वीडियो'

सभी निजी टीवी चैनलों को जारी परामर्श में कहा गया, ‘मंत्रालय के संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार चैनल लाल किला के नजदीक विस्फोट में कथित रूप से शामिल लोगों से संबंधित सामग्री प्रसारित कर रहे हैं, उनके हिंसात्मक कृत्यों को उचित ठहरा रहे हैं, साथ ही विस्फोटक सामग्री बनाने के बारे में सूचनात्मक वीडियो भी प्रसारित कर रहे हैं।’ इसमें कहा गया है कि ऐसे प्रसारण अनजाने में हिंसा को बढ़ावा दे सकते हैं या भड़का सकते हैं, सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित कर सकते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।

विवेक और संवेदनशीलता बरतने की सलाह

परामर्श में कहा गया, ‘सभी टीवी चैनलों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे मामलों पर रिपोर्टिंग करते समय उच्चतम स्तर का विवेक और संवेदनशीलता बरतें।’ मंत्रालय द्वारा जारी परामर्श में केबल टेलीविजन नेटवर्क नियमों की धाराओं का हवाला दिया गया है, जिनमें कहा गया है कि किसी भी कार्यक्रम में अश्लील, मानहानिकारक, जानबूझकर झूठा, या विचारोत्तेजक इशारों और अर्धसत्यों वाली कोई बात नहीं होनी चाहिए। हिंसा को प्रोत्साहित या भड़काने वाली, कानून और व्यवस्था के रखरखाव के विरुद्ध कोई बात या राष्ट्र-विरोधी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाली बात नहीं होनी चाहिए या ऐसी कोई बात नहीं होनी चाहिए जो राष्ट्र की अखंडता को प्रभावित करती हो।

परामर्श में कहा गया है कि सभी टीवी चैनलों को ऐसे दृश्यों का प्रसारण करने से बचने की सलाह दी जाती है जो गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा देते हों या उन्हें बढ़ावा देते हों।

(इनपुट-भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव Author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article